भिण्ड । मध्यप्रदेश के भिण्ड के चंबल में एक बार फिर डकैत गिरोह ने दस्तक दे दी है। गिरोह में दो महिला दस्यु सुन्दरियों सहित 11 सदस्यीय गिरोह है। दोनों महिला दस्यु सुन्दरियां जींस और शर्ट में रहती हैं।

भिण्ड जिले के अटेर थाना क्षेत्र के शुक्लपुरा गांव में एक किसान का सामना इस नए दस्यु गिरोह से हो गया। वे किसान को करीब तीन खेत दूर ले गए। जब किसान गिरोह के साथ चलने में असमर्थ रहा तो वे उसे छोड़कर आगे बढ़ गए। पुलिस को सुचना मिलने पर उसने रात में सर्चिंग ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

भिण्ड जिले के अटेर थाना क्षेत्र के ग्राम शुक्लपुरा गांव में रहने वाले 56 वर्षीय किसान लल्लूराम शाक्य अपने ट्यूबवेल पर 20 फरवरी की रात पहुंचा। यहां उसके खेतों पर उसे 2 हथियारबंद बदमाश मिले। उन्होंने किसान को अपने साथ चलने को कहा। आगे चलकर दो महिला दस्यु सुन्दरियां जींस-शर्ट पहने हुए 9 हथियारबंद डकैतों के साथ मिलीं। किसान को अपने साथ ले जाने लगे। कुछ दूर चलने पर पैरों से कमजोर किसान चलने में असमर्थता जाहिर करने लगा। इसके बाद गिरोह लल्लूराम शाक्य को तीन खेत आगे तक बीहड़ की ओर ले गए। जब किसान चल नहीं पाया तो उसे छोड़कर आगे बढ़ गए।

किसान लल्लूराम शाक्य ने आज यहां बताया कि खेत पर फसल खड़ी हुई है। फसल व ट्यूबवेल की रखवारी के लिए खेत पर हर रोज सोने जाता हूॅ.। वे उस दिन भी सोने गए थे। जहां डकैतों से सामना हो गया। दस्यु गिरोह की सूचना पर भिण्ड जिले के अटेर, फूप, सुरपुरा और गोरमी थाने का भारी पुलिसबल ने अटेर के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सुरेन्द्र सिंह तोमर ने सर्चिंग की। अटेर एसडीओपी द्वारा किसान लल्लूराम के बयान लिए गए। इसके बाद पुलिस ने रात में सर्चिंग ऑपरेशन चलाया। दिन में भी पुलिस बीहड़ों में सर्चिंग अभियान चलाती रही। करीब आठ से दस किलोमीटर दूर तक सर्चिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस के हाथ कोई नहीं लगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे ने आज यहां बताया कि बदमाश आने की खबर आई थी। पुलिस ने किसान के बयान लिए। रात में सर्चिंग कराई गई। कल भी पूरे दिन सर्चिंग चली। अब तक दस्यु गिरोह होने के साक्ष्य नहीं मिले है। पुलिस फिर भी स्थिति पर नजर रखे हुए है। और पुलिस को सक्रिय किया गया है।