भोपाल। मध्यप्रदेश में ‘ईदउलअजहा’ का पर्व आज परंपरागत तरीके से मनाया गया, लेकिन कोरोना संबंधी दिशानिर्देशों का पालन भी लोग करते हुए दिखे और सीमित स्थानों पर विशेष नमाज अदा की गयी। राजधानी भोपाल में सुबह मुस्लिम धर्मावलंबियों ने अपने आसपास की मस्जिदों या घरों पर ही ईद की विशेष नमाज पढ़ी। धर्मावलंबियों ने अपने धार्मिक गुरुओं के अनुरोध का पालन करते हुए ईदगाह नहीं पहुंचकर कोरोना प्रोटोकॉल को ध्यान में रखकर विशेष नमाज अदा की। इसके बाद लोग एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद देते हुए देखे गए। शहर काजी ने कल अनुरोध किया था कि धर्मावलंबी अपने आसपास की मस्जिदों में ईद की नमाज पढ़ें और ईदगाह नहीं पहुंचे, ताकि भीड़ एकत्रित नहीं हो।  

आज ईदगाह पर बहुत ही सीमित संख्याओं में पहुंचकर लोगों ने नमाज पढ़ने की रस्म पूरी की। ईद का पर्व इसी तरह इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, उज्जैन, रीवा, खंडवा, विदिशा, होशंगाबाद, राजगढ़ और अन्य शहरों नगरों में मनाए जाने के समाचार यहां पहुंचे हैं। प्रशासन ने भी लोगों से कोरोना के कारण इससे संबंधित दिशानिर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया है ‘ईद उल अजहा की सभी को बधाई और शुभकामनाएं। इस पर्व पर आपकी जिंदगी में खुशहाली आए, तरक्की हो, आनंद बढ़े। ईद मुबारक।’ राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भी नागरिकों को ईद की शुभकामनाएं दी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी नागरिकों को ईद की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *