ग्वालियर। ग्वालियर चंबल अंचल में आज चुनावी शोर थम गया। यहां की 34 विधानसभा सीटों पर अब 17 नवंबर को मतदान होगा। मतदान से पहले अंतिम दौर में उम्मीदवारों ने पूरा जोर लगाया। आज सुबह से ही उम्मीदवार बड़ा रैला लेकर विधानसभाओं में बैंडबाजों के साथ पैदल-पैदल घूमे और समर्थन की अपील भी की।ग्वालियर चंबल अंचल की 34 विधानसभा भाजपा और कांग्रेस के लिये नाक का सवाल बन गई है। यहां दोनों ही दलों के बड़े नेताओं ने जमकर रैलियां भी की। भाजपा की ओर से पीएम नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित कई केन्द्रीय मंत्री और अन्य प्रदेशों के मुख्यमंत्री आये और चुनावी सभायें ली। वहीं कांग्रेस की कमान पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़े, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, पूर्व यूपी अध्यक्ष राज बब्बर सहित कई केन्द्रीय नेताओं ने सम्हाली। जबकि बसपा के लिये मायावती और सपा के लिये अखिलेश यादव ने चुनावी सभायें ली। वहीं आप के लिये दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल, पंजाब सीएम भगवंत मान ने मोर्चा सम्हाला। पर्चें भरने के बाद जो चुनावी शोर शुरू हुआ वह आज 15 नवंबर की सायं 4 बजे थम गया। प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने खूब जोर लगाया। दतिया में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने चुनावी सभा ली। इधर ग्वालियर में भी प्रत्याशियों ने बड़ी-बड़ी रैली निकालकर ताकत दिखाई।