ग्वालियर । एक इंजीनियर की पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। इंजीनियर का कहना है कि पत्नी ने फांसी लगाकर जान दी है। मायके पक्ष का आरोप है कि जब वह पहुंचे तो शव जमीन पर रखा था। फंदा खाली लटक रहा था। उसे प्रताड़ित किया जाता था। हत्या कर खुदकुशी का रूप दिया गया है। घटना लक्ष्मीबाई कॉलोनी पड़ाव की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलवा लिया गया है। पुलिस इसे खुदकुशी ही मान रही है। इसके बाद ही पुलिस ने स्पॉट से शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है।पड़ाव थाना क्षेत्र के लक्ष्मीबाई कॉलोनी निवासी 31 वर्षीय तृप्ति अग्रवाल पत्नी मिहुर अग्रवाल की रविवार-सोमवार दरमियानी रात संदिग्ध हालात में फांसी लगाने से मौत हो गई है। ससुराल पक्ष का कहना है कि घटना का पता सुबह उस समय चला जब परिजन ने उसे फांसी के फंदे पर लटका देखा तो उसे फंदे से उतारकर उसकी नब्ज टटोली तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। मामले का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के मायके पक्ष को सूचना दी। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि मृतका का मायका उसी शहर होने के बाद भी उन्हें देरी से जानकारी दी गई। मृतका का शव उनके आने से पहले ही फंदे से उतारकर कमरे में पोछा लगाकर सबूत मिटाए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट से मामले की जांच कराई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।बताया गया है कि मृतका का एक तीन साल का बेटा है जिसका नाम श्रेयस है। तृप्ति की शादी को लगभग सात साल हो गए हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे ससुराल पक्ष द्वारा परेशान किया जा रहा था। परिवार यह सोचकर चुप था कि समय के साथ धीरे-धीरे सब कुछ सामान्य हो जाएगा। मृतका का पति इंजीनियर है। वह बैंगलुरू की एक कंपनी में पदस्थ है। लॉकडाउन से वह वर्क फ्रॉम होम कर रहा है। साथही पता लगा है कि मृतका भी एमटेक किए हुए थी। वह भी जॉब करती थी, लेकिन कुछ दिन पहले ही जॉब छोड़ दिया था। पड़ाव थाना के प्रभारी विवेक अष्ठाना ने बताया कि एक महिला ने फांसी लगाकर जान दी है। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।