मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में मंगलवार को कुएं की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से 5 मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हादसा अजयगढ़ विकासखंड के बिहारपुरवा गांव में दोपहर करीब 12 बजे हुआ। मजदूर मनरेगा के तहत बनाए जा रहे सार्वजनिक सिंचाई कुएं की खुदाई कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी धंस गई और वे मलबे में दब गए।

पन्ना की पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने बताया कि मृतकों की पहचान आशीष यादव, राजकुमार यादव, रामपाल यादव, चुन्नू यादव और चुनवाद पाल के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि सभी शवों को मलबे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर जिला कलैक्टर उषा परमार मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान का जायजा लिया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।