भोपाल । मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के बिलाव निवासी पूर्व दस्यु सरगना रहे मलखान सिंह ने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की । कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में पूर्व डकैत मलखान सिंह के अलावा बड़ी संख्या में लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

मलखान सिंह ने वर्ष 2014 में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी और 2019 में विधानसभा चुनाव में टिकट मांगा था। मगर जब उन्हें टिकट नहीं मिला तो उन्होंने भाजपा से त्यागपत्र दे दिया था। उसके बाद वह प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) में शामिल हो गए थे। अब मलखान सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। दावा किया जा रहा है कि वह राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रचार करेंगे।

वर्तमान में मलखान सिंह की पत्नी गुना जिले की आरोन क्षेत्र की सिनगयाई पंचायत से सरपंच हैं, वह निर्विरोध चुनाव जीती थीं। किसी दौर में मलखान सिंह की गिनती चंबल के खूंखार डकैत में हुआ करती थी, उन पर जहां एक लाख से अधिक का इनाम था और सौ से अधिक मामले दर्ज थे, जिनमें अपहरण, हत्या, डकैती आदि के मामले शामिल थे।

उन्होंने 1982 में भिण्ड में प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था और लगभग छह साल उन्होंने जेल में गुजारे। उन्हें वर्ष 1989 में सभी मामलों से बरी कर दिया गया था। फिर, वह जेल से छूटे और उसके बाद राजनीति में सक्रिय हैं। वह राजनीतिक दलों और नेताओं पर बेबाक बयानी करने से कभी नहीं हिचकते।