मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ लेने के लिए बहनों को भटकने की आवश्यकता नहीं है। भोपाल में 5 मार्च को योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में भी बहनों को इस योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने बहनों के नाम संदेश में कहा कि “मेरी प्रिय लाड़ली बहनों, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ लेने के लिए भटकने की जरूरत नहीं है। मूल निवासी और आय प्रमाण-पत्र की भी आवश्यकता नहीं है। आप अनावश्यक परेशान न हों। इस योजना का लाभ लेने आपके गाँव, आपके शहर और आपके वार्ड में अधिकारी-कर्मचारी की टीम आएगी और वहीं बैठ कर आवेदन भरवाएगी। आप बिल्कुल परेशान न हों, आपका भाई है ना। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना को बहुत सरल बनाया गया है। रविवार 5 मार्च को दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक होने वाले कार्यक्रम में विस्तार से जानकारी दूंगा कि योजना का लाभ कैसे उठाना है। कहीं भटकना नहीं है, मैं हूँ ना। बहनें बिल्कुल चिंता न करें।” मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम भोपाल से आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बहनों को योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। ग्वालियर जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम इंटक मैदान पर आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम दोपहर एक बजे से प्रारंभ होगा।
