ग्वालियर . हिमालय में एक के बाद एक आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 24 से 48 घंटे में ग्वालियर-चंबल संभाग में मौसम फिर बिगड़ सकता है. इस दौरान ग्वालियर सहित दतिया, भिण्ड एवं मुरैना आदि जिलों में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.

स्थानीय मौसम विज्ञानी सीके उपाध्याय ने बताया कि 29 मार्च को हिमालय में आया पश्चिमी विक्षोभ अब आगे बढ़ गया है. इसी क्रम में तीन अपै्रल को एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ हिमालय में पहुंचेगा. इधर पूर्वोत्तर राजस्थान और उससे सटे हरियाणा के हिस्सों में एक चक्रवात बना हुआ है. दूसरा चक्रवात राजस्थान के पश्चिमी भाग में और तीसरा चक्रवात दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे मध्यप्रदेश के भागों में बना हुआ है. इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से ग्वालियर-चंबल संभाग में ज्यादा बारिश की संभावना तो नहीं है लेकिन कुछ स्थानों पर तेज हवा और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इसके बाद आठ अप्रैल को हिमालय में एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है. ग्वालियर-चंबल संभाग में इसका असर दस अपै्रल को नजर आ सकता है. ऐेसे में फिलहाल तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है.

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा रविवारको अधिकतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 3.0 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 2.0 डिग्री सेल्सियस कम है. आज सुबह हवा में नमी 64 और शाम को 35 प्रतिशत दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.