मध्य प्रदेश के ग्वालियर में इन दिनों एक अनोखी कार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से बने हजारों किस के निशान दिखाई दे रहे थे। इसी वजह से लोग इस कार को ‘Kissing Car’ कहने लगे। कार के मालिक की पहचान ग्वालियर निवासी आदित्य सिकरवार के रूप में हुई है। बताया गया कि आदित्य के इंस्टाग्राम पर उस समय 3 हजार से भी कम फॉलोअर्स थे। वह सोशल मीडिया पर ऐसा वीडियो बनाना चाहते थे, जो तेजी से वायरल हो और उन्हें ज्यादा लोकप्रियता मिले।

गर्लफ्रेंड ने कार पर बनाए करीब 3,400 Kiss Marks
वायरल वीडियो के मुताबिक, आदित्य ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर यह वीडियो तैयार किया। विदेशी सोशल मीडिया ट्रेंड से प्रभावित होकर उसने गर्लफ्रेंड से कार की बॉडी पर जगह-जगह लिपस्टिक से किस के निशान बनवाए।इसके लिए बार-बार लिपस्टिक लगाई गई और कार के अलग-अलग हिस्सों पर किस किया गया। बताया गया कि करीब साढ़े तीन से चार घंटे तक यह सिलसिला चलता रहा। इस दौरान कार पर लगभग 3,400 लिपस्टिक Kiss Marks बनाए गए। आदित्य इस पूरी प्रक्रिया का वीडियो भी बनाता रहा। बाद में उसने वीडियो को इंस्टाग्राम पर रील के रूप में अपलोड कर दिया।
एक ही दिन में लाखों लोगों ने देखा वीडियो
आदित्य की उम्मीद के मुताबिक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बताया गया कि उसकी एक रील को सिर्फ एक दिन में करीब 55 लाख लोगों ने देखा। वायरल वीडियो में कार सड़क पर तेज रफ्तार से चलती दिखाई दे रही थी। कार की लगभग पूरी बॉडी पर लाल रंग की लिपस्टिक के निशान साफ नजर आ रहे थे। कार का नंबर MP07 CC 9452 था।
कार के पीछे बड़े अक्षरों में जाति का नाम भी लिखा हुआ बताया गया। वायरल वीडियो को देखकर लोगों के बीच कार की काफी चर्चा होने लगी। ट्रैफिक पुलिस की नजर वायरल वीडियो पर पड़ी जब यह वीडियो ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस के सामने पहुंचा तो पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही कार की पहचान शुरू की। कार के नंबर की मदद से पुलिस ने वाहन का पता लगाया।
इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार को थाटीपुर इलाके से बरामद कर लिया। पुलिस आदित्य सिकरवार को कार समेत थाने ले आई। पुलिस ने वायरल वीडियो में तेज रफ्तार से कार चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी को भी गंभीरता से लिया।
पुलिस ने लगाया ₹5,500 का जुर्माना
कार चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के अलग-अलग प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आदित्य सिकरवार पर कुल ₹5,500 का चालान किया। पुलिस की कार्रवाई यहीं खत्म नहीं हुई। कार पर बने हजारों लिपस्टिक के निशान भी हटवाए गए।
पुलिस ने कार साफ करने का दिया टास्क
पुलिस ने आदित्य को कपड़ा और पानी की बाल्टी दी और कार को पूरी तरह साफ करने के लिए कहा। इसके बाद आदित्य खुद कार से लिपस्टिक के निशान मिटाने में जुट गया।
बताया गया कि एक निशान को हटाने के लिए कई बार कपड़ा रगड़ना पड़ रहा था। कई जगहों पर 10 से 15 बार कपड़ा चलाने के बाद निशान साफ हो रहा था। कार साफ करते-करते आदित्य को काफी मेहनत करनी पड़ी और पसीने छूट गए। आखिरकार उसने कार को पूरी तरह साफ किया।
अपनी गलती मानी और दोबारा ऐसा न करने का वादा किया
पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक ने अपनी गलती स्वीकार की। कार्रवाई के दौरान उसने माना कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए इस तरह का वीडियो बनाना और तेज रफ्तार में कार चलाना सही नहीं था। उसने भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने का भी वादा किया।
ट्रैफिक पुलिस ने दी सोशल मीडिया यूजर्स को चेतावनी
यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार की पहचान की और उसे थाटीपुर इलाके से बरामद किया। पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए यातायात नियमों को तोड़ना या सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाना भारी पड़ सकता है।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए बनाए गए वीडियो के चक्कर में अपनी और सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की सुरक्षा को खतरे में नहीं डालना चाहिए। वायरल होना कुछ समय की लोकप्रियता दे सकता है, लेकिन यातायात नियमों की अनदेखी पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
