भोपाल। मिसरोद थाना क्षेत्र में रहने वाले एक होनहार युवक ने मंगलवार को फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। बताया जाता है कि वह यूपीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। कुछ दिन पहले ही उसके द्वारा दी गई यूपीएससी की परीक्षा का परिणाम आया था, जिसमें वह 4 नंबर से फैल हो गया था। इसके बाद से वह डिप्रेशन में रहने लगा था। आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा में फैल होने के कारण ही उसने फांसी लगाई है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मिसरोद पुलिस के अनुसार राघवेंद्र सिंह चौधरी पुत्र खुमान सिंह चौधरी बम्हौरी थाने के अरजनी गांव का रहने वाला था। वह मिसरोद के दीप मोहिनी कॉलोनी में अपने बड़े भाई के साथ किराये से रहता था। बड़ा भाई डॉक्टर है। स्नातक करने के बाद राघवेंद्र प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। बीती रात ग्यारह बजे जब उसका भाई ड्यूटी से लौटकर आया तो देखा कि भाई फांसी के फंदे पर लटका हुआ है।

राघवेंद्र के पास से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस और एफएसएल की टीमें आज उसके कमरे में की तलाशी लेने जा रही हैं। वहीं निशातपुरा थाना क्षेत्र के गरीब नगर में रहने वाले मुकेश लोधी (45) ने भी फांस लगाकर खुदकुशी कर ली है।