ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कंपू इलाके में बीच सड़क पर युवक और युवती के बीच हुए हाई वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो ने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है. वीडियो में दोनों के बीच तीखी बहस और झगड़ा साफ तौर पर देखा जा सकता है. घटना में स्थिति तब और ज्यादा बिगड़ गई जब युवती ने गुस्से में आकर युवक की बाइक पर पत्थर फेंक दिए।
इसके साथ ही उसने युवक का मोबाइल भी अपने पास रख लिया. सड़क पर यह पूरा हंगामा काफी देर तक चलता रहा, जबकि आसपास मौजूद लोग इस घटना को देखते रहे और कई लोगों ने इसका वीडियो बना लिया. वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सड़क के बीचों-बीच दोनों के बीच विवाद काफी बढ़ चुका है और माहौल तनावपूर्ण हो गया है. इस दौरान मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और कोई भी तुरंत बीच बचाव करता नजर नहीं आया.
फिलहाल इस पूरे मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. शिकायत न होने के बावजूद वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान ले लिया है. सीएसपी क्राइम मनीष यादव ने बताया कि वायरल वीडियो देखने के बाद प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवक और युवती एक-दूसरे को जानते हैं. उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है.
पुलिस ने लिया वीडियो का संज्ञान, शिकायत का इंतजार
सीएसपी के अनुसार यदि भविष्य में किसी भी पक्ष की तरफ से शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है. इस बीच सड़क पर हुए इस हाई वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. घटना ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है।
