हिमाचल के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पंजाब की लड़की अमरीन सेखो के साथ शादी के बंधन में बंध चुके हैं। शादी के बाद 24 सिंतबर को शिमला के होटल मरीना में रिसेप्शन पार्टी रखी गई। इस रिसेप्शन पार्टी में हिमाचल के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल भी अपनी पत्नी सहित पहुंचे। उन्होंने कपल को शादी की बधाई दी। विक्रमादित्य सिंह ने भी पत्नी संग उनके पांव छूकर आशीर्वाद लिया।
इसके अलावा पार्टी में विक्रमादित्य सिंह के रिश्तेदार, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, राजस्व मंत्री जगत नेगी, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, कांग्रेस और बीजेपी के कई विधायक, बीजेपी के राज्यसभा सांसद एवं वीरभद्र सिंह के करीबी रहे हर्ष महाजन ने भी शिरक्त की।
200 के करीब मेहमान किए गए आमंत्रित
विक्रमादित्य ने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री समेत सभी कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों, कुछ अफसरों, हाईकोर्ट के कुछ जजों और पूर्व मंत्रियों को आमंत्रित किए गए थे। हालांकि, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू विदेश में हैं, इसलिए वह इस पार्टी में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए विक्रमादित्य को शादी की बधाई दी। वहीं उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बिहार में चल रही मीटिंग की वजह से पार्टी में नहीं आ पाए।
बता दें मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पंजाब की डॉ. अमरीन कौर से 22 सितंबर को शादी की। दोनों ने चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित गुरुद्वारे में शादी की। शाम को विक्रमादित्य अपनी नई-नवेली दुल्हन को लेकर शिमला पहुंचे और होली लॉज में दुल्हन का स्वागत किया गया। 24 सितंबर को पार्टी रखी गई। जानकारी के लिए बता दें विक्रमादित्य सिंह वर्तमान में हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री हैं। वह साल 2024 में लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। उन्हें कांग्रेस ने मंडी सीट पर कंगना रनौत के खिलाफ टिकट दिया था हालांकि उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा। विक्रमादित्य शिमला ग्रामीण से विधायक हैं।
