सागर जिले के शाहगढ़ थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-10 में सोमवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक दंपत्ति ने अज्ञात कारणों के चलते अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
अकेले रहते थे घर में
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय उत्तम अहिरवार और उनकी पत्नी हरिबाई (42 वर्ष) घर में अकेले रहते थे और बीड़ी बनाने का काम करके अपना गुजर-बसर करते थे। उनका इकलौता बेटा सागर में रहता है। सोमवार को जब परिवार के अन्य सदस्यों ने उन्हें फंदे पर झूलते देखा, तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
रात में की थी पड़ोसियों से सामान्य बात
हैरानी की बात यह है कि रविवार देर रात तक दोनों पति-पत्नी अपने घर के दरवाजे पर मोहल्ले वालों के साथ बैठे थे। पड़ोसियों के मुताबिक, दोनों ने सामान्य रूप से बातचीत की थी और उनके व्यवहार से ऐसा जरा भी महसूस नहीं हुआ कि वे कोई आत्मघाती कदम उठाने वाले हैं।
बेटे के पहुंचने पर हुआ पोस्टमार्टम
पुलिस ने घटना की जानकारी सागर में रह रहे उनके बेटे को दी। बेटे के शाहगढ़ पहुंचने के बाद पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
कोई सुसाइड नोट नहीं मिला
शाहगढ़ थाना प्रभारी संदीप खरे ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है । पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।फिलहाल, इस आत्मघाती कदम के पीछे की असल वजह का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और करीबियों के बयान दर्ज कर मामले की तहकीकात कर रही है।
