उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बाजार के बीच अचानक गोलियां चलने लगीं। घटना थाना उत्तर क्षेत्र के कोटला चुंगी इलाके की है। बताया जा रहा है कि एक पति ने अपनी पत्नी को एक युवक के साथ बातचीत करते हुए देखा। इसके बाद गुस्से में आकर उसने दोनों पर गोली चला दी। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी पर चार गोलियां चलाईं, जबकि उसके साथ मौजूद युवक को दो गोलियां मारीं। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आरोपी पति की पहचान ऋषभ के रूप में
घटना में आरोपी पति की पहचान ऋषभ तैलंग के रूप में हुई है। घायल महिला की पहचान शिप्रा तैलंग के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक सनी ठाकुर बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, ऋषभ तैलंग करीब 40 साल का है और कोटला चुंगी चौराहे के पास इंटर कॉलेज चलाता है। उसकी शादी करीब 10 साल पहले मथुरा की रहने वाली 35 वर्षीय शिप्रा से हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं।
दो साल से पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
बताया जा रहा है कि ऋषभ और शिप्रा के बीच पिछले करीब दो साल से विवाद चल रहा था। इसी वजह से शिप्रा अपने मायके में रह रही थी। दोनों के बीच रिश्ते को लेकर काफी समय से तनाव बना हुआ था।
सनी के साथ प्रेम संबंध होने की बात सामने आई
जानकारी के अनुसार, शिप्रा का श्रीराम कॉलोनी, मथुरा नगर निवासी सनी उर्फ शिवा ठाकुर के साथ काफी समय से प्रेम संबंध था। सनी कोटला चुंगी चौराहे पर इंटरनेट कैफे और ई-सेवा की दुकान चलाता है।
मंगलवार रात दुकान पर पहुंची थी शिप्रा
बताया गया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे शिप्रा सनी की दुकान पर पहुंची थी। आरोप है कि दोनों दुकान पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान ऋषभ ने दोनों को देख लिया और विवाद बढ़ गया।
बाजार के बीच हुई फायरिंग से मची अफरा-तफरी
घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे डीएवी इंटर कॉलेज के पास बाजार के बीच हुई। अचानक हुई फायरिंग से आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
