बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एक पति ने अपनी पत्नी की सिर कुचलकर हत्या कर दी। महिला का शव घर से 100 मीटर दूर पड़ा मिला। घटना के बाद दोनों बच्चे रातभर घर में छिपे रहे। बच्चों का कहना था कि पापा रात में मां की पिटाई करते हुए बाहर ले गए थे। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी के दो लोगों से अवैध संबंध थे।
घटना सारनी के झुग्गी बस्ती इलाके की है। यहां नीतू मालवीय (30) राधाकृष्णन वार्ड में रहती थी। आठ दिन पहले ही अपने मायके देवास से लौटी थी। रविवार सुबह करीब 6 बजे झुग्गी बस्ती क्षेत्र में उसका शव पड़ा मिला। सिर पत्थर से कुचला गया था। उनके बच्चे आयुष (12) और वैष्णवी (11) नीतू को तलाशते हुए शव तक पहुंचे। इसके बाद दोनों ने रोते हुए पड़ोसियों को सूचना दी।
महिला के बेटे आयुष ने बताया कि रात में उसके पिता जीवन मालवीय और मां नीतू के बीच विवाद हुआ था। पापा मां को पीटते हुए घर के पीछे ले गए। बाहर भी पिता ने खूब मारपीट की। इसके बाद पिता ने पत्थर से मां को मार डाला। घटना के बाद आयुष और वैष्णवी सुबह होने तक डर कर घर में छिपे रहे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पति ने बताया कि उसकी पत्नी के दो लोगों से संबंध थे। इसी को लेकर विवाद हुआ था।