भिण्ड। मध्यप्रदेश के भिण्ड से उत्तरप्रदेश के इटावा जा रहा गिट्टी से भरा एक डंपर आज कुंवारी नदी के पुल से 50 फीट की ऊंचाई से नदी में जा गिरा। घटना के बाद फूप पुलिस मौके पर पहुंच गई। डंपर में चालक व क्लीनर दोनों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि डंपर क्रमांक यूपी 75 बीटी 5576 ग्वालियर से गिट्टी भरकर इटावा जा रहा था। भिण्ड जिले के फूप थाना क्षेत्र में क्वांरी नदी के पुल पर डंपर ने इटावा से आ रही बस को ओवर ट्रैक किया, तभी सामने डंपर के सामने आटो आ गया। आटो को बचाने के फेर में चालक से वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे 50 फीट गहरी नदी में जा गिरा। नदी में डंपर गिरते ही केबिन रेत में जाकर धंस गई। जिससे दम घुटने से डंपर के चालक व क्लीनर की मौत हो गई।

फूप थाना पुलिस ने उत्तरप्रदेश के औरेया जिले के डंपर चालक राहुल यादव और क्लीनर सुनील यादव के शवों का पोस्ट मार्टम कराने के लिए भिण्ड अस्पताल में रखवा दिए हैं तथा मृतकों के परिजनों को पुलिस ने सूचना भिजवा दी है।
