ग्वालियर । उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के बाद अब मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी दहेज लोभियों की दरिंदगी का मामला सामने आया है। ससुराल वालों ने बहू को गर्म चिमटे से दागा, डंडो से पीटा और फिर जहर खिला दिया। बहू अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक बाप ने अपनी बेटी की शादी में 15 लाख रुपए दहेज दिया, फिर भी दहेज लोभियों का पेट नहीं भरा। महाराजपुरा थाना क्षेत्र के दीनदयाल नगर में नवविवाहिता सोनाली शर्मा को ससुराल वालों ने दहेज के नाम पर इतनी अमानवीय यातनाएं दीं कि वह अब अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। सोनाली शर्मा की शादी आदित्य शर्मा से हुई थी। शादी में 15 लाख रुपए का दहेज दिया गया। इसके बावजूद ससुराल वालों का मन नहीं भरा। शादी के बाद लड़की के मायके वालों से बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की गई। जब मायके वालों ने मना किया तो सोनाली को गर्म चिमटे से शरीर पर दागा गया। उसे डंडं से पीटा गया। हैवानियत यहीं नहीं रुकी। पति, सास, ससुर और ननद ने मिलकर सोनाली को कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिलाया।
जहर पिलाने के बाद सोनाली की हालत बिगड़ गई। उसने खुद अपनी मां को फोन करके पूरी घटना बताई। परिवार ने पहुंचकर उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में भर्ती सोनाली जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
घटना के बाद से सभी आरोपी ससुराल वाले फरार हैं। इस पूरे मामले में सीएसपी नागेंद्र सिकरवार का कहना है कि ससुराल पक्ष से चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश की जा रही है।
बता दें कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में निक्की भाटी नाम की एक लड़की को ससुराल वालों ने दहेज की लालच में जलाकर मार डाला। हालांकि, उसके मायकेवालों ने शादी के समय काफी दहेज और गहने वगैरह दिए थे। उसके बावजूद ससुराल वाले और 36 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में उसके पति समेत ससुराल के 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
