सतना। मध्य प्रदेश में सतना जिले में एक महिला ने अपने पति की गाली-गलौज से तंग आकर उसकी जान ले ली। यह घटना कोलगवां थाना क्षेत्र में उस समय हुई, जब शख्स शराब के नशे में धुत होकर घर आया और महिला को गालियां देने लगा। उसकी पत्नी रोज-रोज की इस किचकिच से परेशान हो चुकी थी, जिसके बाद गुस्से में आई महिला ने पति के सिर पर पत्थर की भारी पटिया (Heavy Stone slab) मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक आरोपी महिला का दूसरा पति था। घटना का खुलासा तब हुआ जब महिला का 17 वर्षीय बेटा घर लौटा और उसने अपने पिता को खून से लथपथ हालत में आंगन में पड़े हुए देखा। जिसके बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?
यह घटना 7 जनवरी की रात को हुई, इस दौरान नई बस्ती, आदर्श नगर के वार्ड क्रमांक 13 में रहने वाले पिंटू उपाध्याय का शव उसके ही घर के आंगन में पड़ा मिला था। जबकि उसकी पत्नी रश्मि कुशवाहा घर के अंदर ही मौजूद थी। मृतक के बेटे आकाश कुशवाहा (17) ने पुलिस को बताया कि वह रात करीब 10 बजे अपने दोस्त के घर से वापस आया। उसने देखा कि आंगन में गेट के पास उसके सौतेले पिता पिंटू उपाध्याय चादर ओढ़े पड़े हैं। हालांकि जब उसने चादर हटाई, तो दिखा कि उनके सिर और चेहरे से काफी खून बह रहा था और वे कुछ बोल नहीं रहे थे। जिसके बाद परिजन तुरंत पिंटू को जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शराब और गाली-गलौज बनी हत्या की वजह
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर की गंभीर चोट को मृत्यु का कारण बताया गया और इसे हत्या करार दिया गया। सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो मृतक की पत्नी रश्मि कुशवाहा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जांच में सामने आया कि घटना वाली रात 9 से 9:30 बजे के बीच पिंटू उपाध्याय शराब के नशे में धुत होकर घर आया और आते ही उसने पत्नी रश्मि के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। रोज-रोज के झगड़े और गालियों से गुस्साई रश्मि ने पास पड़ी पत्थर की पटिया उठाई और पिंटू के सिर पर दे मारी। ऐसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से पिंटू की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मुताबिक आरोपी रश्मि कुशवाहा की यह दूसरी शादी थी। उसके पहले पति का नाम संतोष कुशवाहा था।

आरोपी पत्नी गिरफ्तार
सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से खून से सनी टूटी हुई पत्थर की पटिया और ईंट जब्त कर ली है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।