संभल के एसपी केके बिश्नोई और बरेली की एसपी अंशिका वर्मा जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की पहली मुलाकात साल 2021 में गोरखपुर में हुई थी। उस समय केके बिश्नोई गोरखपुर में एसपी सिटी के पद पर तैनात थे, जबकि अंशिका वर्मा वहां अंडर ट्रेनिंग आईपीएस अधिकारी के रूप में आई थीं। काम के दौरान दोनों की मुलाकातें बढ़ीं और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। अब दोनों परिवारों की सहमति से शादी करने जा रहे हैं।

राजस्थान में होंगे शादी के सभी कार्यक्रम
इस शादी के सभी कार्यक्रम राजस्थान में आयोजित किए जाएंगे। 27 मार्च को राजस्थान के बाड़मेर जिले के धोरीमना गांव में हल्दी और संगीत की रस्में होंगी। इसके बाद 28 मार्च को यहीं शादी का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। शादी के बाद 30 मार्च को जोधपुर के लारिया रिसॉर्ट में भव्य रिसेप्शन रखा जाएगा, जिसमें परिवार, दोस्त और प्रशासनिक व पुलिस विभाग के कई अधिकारी शामिल होंगे।

निमंत्रण पत्र छप चुके, मेहमानों को भेजे जा रहे
बरेली की एसपी अंशिका वर्मा ने एनबीटी ऑनलाइन से फोन पर बातचीत में बताया कि शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। दोनों परिवारों की ओर से शादी के निमंत्रण पत्र भी छप चुके हैं और मेहमानों को भेजे जा रहे हैं। इस शादी को लेकर पुलिस विभाग और प्रशासनिक हलकों में भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।

कौन हैं केके बिश्नोई
केके बिश्नोई उत्तर प्रदेश कैडर के 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर जिले के धोरीमना गांव के रहने वाले हैं। फिलहाल वह उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर तैनात हैं।
