मेट गाला 2026 में ईशा अंबानी ने अपने शानदार और अनोखे लुक से सबका ध्यान खींच लिया। उन्होंने इस खास मौके पर भारतीय कला, परंपरा और फैशन को दुनिया के सामने बेहतरीन तरीके से पेश किया।

खास साड़ी ने बढ़ाई शोभा

ईशा ने इस इवेंट में मशहूर डिजाइनर गौरव गुप्ता द्वारा डिजाइन की गई एक खास साड़ी पहनी थी। इस साड़ी में हाथ से बनाए गए पिछवाई स्टाइल के डिजाइन थे और इसके साथ एक स्टाइलिश केप भी थी, जो उनके पूरे लुक को अलग बना रही थी। यह साड़ी खास इसलिए भी थी क्योंकि इसे शुद्ध सोने के धागों से बुना गया था। इसे रिलायंस रिटेल के कारीगर ब्रांड ‘स्वदेश’ के तहत तैयार किया गया। इस शानदार आउटफिट को बनाने में 50 से ज्यादा कारीगरों ने मिलकर 1200 घंटे से अधिक समय लगाया। इसमें पारंपरिक कारीगरी, टेक्सटाइल कला और जूलरी का अनोखा मेल देखने को मिला।

हीरे जड़ा ब्लाउज बना आकर्षण

ईशा ने इस साड़ी के साथ एक खास ब्लाउज पहना था, जिसमें असली हीरे जड़े हुए थे। इस ब्लाउज का पिछला हिस्सा एक ऐतिहासिक जूलरी पीस से सजाया गया था, जो कभी निज़ाम के कलेक्शन का हिस्सा रहा था। ईशा ने खुद बताया कि इस ब्लाउज में उनकी मां नीता अंबानी के गहनों का इस्तेमाल किया गया है। डिजाइनर गौरव गुप्ता ने बताया कि इस ब्लाउज में 1800 कैरेट से ज्यादा के हीरे, पन्ना, पोल्की और कुंदन लगाए गए थे, जो इसे बेहद खास और विरासत से जुड़ा बनाते हैं।

कला से जुड़ा खास पर्स

ईशा का लुक सिर्फ कपड़ों और गहनों तक सीमित नहीं था। उन्होंने अपने साथ एक खास मैंगो स्कल्पचर भी कैरी किया, जिसे कलाकार सुबोध गुप्ता ने बनाया है। इसे उन्होंने एक क्रोशे बैग में रखा था। यह स्कल्पचर भारतीय संस्कृति और कला का प्रतीक था और इस साल की थीम ‘फैशन इज आर्ट’ को पूरी तरह दर्शाता था। उनके पूरे लुक को 250 कैरेट से ज्यादा के हीरों वाले कई लेयर के हार, हाथों में हाथफूल और हीरे की कमरबंद ने और भी आकर्षक बना दिया। इसके साथ उन्होंने चमेली से प्रेरित एक खास गजरा भी पहना, जिसे कागज, तांबा और पीतल से तैयार किया गया था।

कौन हैं ईशा अंबानी

ईशा अंबानी देश के बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी और नीता अंबानी की बेटी हैं। वह आकाश अंबानी और अनंत अंबानी की बहन हैं। उन्होंने साल 2018 में आनंद पीरामल से शादी की थी और अब उनके दो बच्चे हैं।