भोपाल , मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम सब भारत माँ के लाल हैं. राज्य, वेशभूषा, भाषा तथा संस्कृति अलग हो सकती हैं, फिर भी हम सब एक हैं. मैं मणिपुर की जनता से प्यार करता हूँ. नार्थ-ईस्ट का जितनी तेजी से विकास हो रहा है, वह पहले कभी नहीं हुआ. देश की एकता-अखंडता के लिए एक-दूसरे राज्यों का भ्रमण जरूरी है.

मुख्यमंत्री चौहान ने गुरुवार को निवास कार्यालय समत्व भवन में एनआईआईटी मणिपुर के प्रतिनिधि-मंडल से भेंट के दौरान यह बात कही. मुख्यमंत्री चौहान को प्रतिनिधि-मंडल ने टी-शर्ट और स्मृति-चिन्ह भेंट किए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक वैभवशाली और गौरवशाली राष्ट्र का निर्माण हो रहा है. भारत देश बहुत प्राचीन और इतना विशाल है कि अलग-अलग राज्यों की अलग-अलग विशेषताएँ हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में महाकाल महालोक कॉरिडोर, भोपाल का ट्राइबल म्यूजियम, साँची और वर्ल्ड हेरिटेज भीम बैठका जरूर जाएं. उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की यूथ पॉलिसी लांच की गई है. प्रदेश में बेरोजगारी का समाधान किया जा रहा है. स्किल्ड और हुनर सिखाने का कार्य करेंगे. प्रशिक्षण के दौरान मानदेय भी मिलेगा. मुख्यमंत्री ने प्रदेश की अन्य विशेषताएँ और संचालित कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रतिनिधि-मंडल के साथ साझा की.