रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन से दो अलग-अलग जगहों से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक तरफ जहां कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से मार कर हत्या कर दी है। वहीं दूसरी ओर ओवरब्रिज से कूदकर एक युवती ने खुद की जान ले ली। इन हादसों ने पुरे रायसेन में सनसनी फैला दी है। चलिए जानते है पूरी खबर विस्तार से।
पहला मामला जिले के बेगमगंज के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम टेकापार (पण्डा) का बताया जा रहा है। जहां कलयुगी पुत्र ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी मार कर बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय गुड्डा चिड़ार को उसके ही पुत्र तुलाराम उर्फ पिन्टू चिड़ार ने कुल्हाड़ी मार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना बीती रात लगभग 1 बजे की बताई जा रही है। आरोपी विगत 10 वर्ष से बलात्कार के प्रकरण में सजा काट रहा था। आरोपी 6 महीने पहले ही सजा काट कर जेल से बाहर आया था। मृतक खेत पर बनी झोपड़ी में सो रहा था। तभी तुलाराम ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी हुई है।
वहीं दूसरी घटना जिले के औद्योगिक नगर मण्डीदीप के मंगल बाजार के ओवरब्रिज की बताई जा रही है। जहां बीती रात तक़रीबन 1 बजे युवती ने ओवरब्रिज से कूदकर अपनी जान ले ली। जानकारी के अनुसार युवती का नाम जाया है, जी कि शांति नगर मंडीदीप की रहने वाली है। जाया की उम्र लगभग 20 वर्ष बताई जा रही है। युवती ने आत्महत्या जैसा बड़ा कदम क्यों उठाया इस बात का पता अभी तक नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।