भोपाल। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा? इसकाे लेकर पेच फंसा है। कमलनाथ चाहते हैं कि महिला कांग्रेस की सक्रियता ज्यादा नजर आए। महंगाई सहित अन्य मुद्दे पर महिलाओं से संवाद कर उनको कांग्रेस के पाले में लाया जा सकता है।
मध्य प्रदेश में महिला कांग्रेस अध्यक्ष का पद अप्रैल में मांडवी चौहान का कोरोना से निधन होने के बाद से खाली है। हाल में उप चुनाव और स्थानीय निकाय चुनाव होने हैं। ऐसे में प्रदेश की आधी आबादी को साधने के लिए महिला कांग्रेस को सक्रिय करने के लिए कमलनाथ जल्द ही अध्यक्ष की नियुक्ति चाहते हैं। इस पद के लिए दावेदारों की लिस्ट लंबी है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि महिला कांग्रेस अध्यक्ष का फैसला हाईकमान को करना है। कमलनाथ अपने धुर राजनीतिक विरोधी ज्योतिरादित्य सिंधिया को काले झंडे दिखाने वाली और एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उनसे झगड़ने वाली उज्जैन की नूरी खान को कमान देना चाहते हैं। जबकि दिग्विजय सिंह ने भोपाल की पूर्व महापौर विभा पटेल का नाम बढ़ाया है, हालांकि नूरी खान के नाम पर प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक भी सहमति दे चुके हैं।
अगस्त 2018 में नूरी खान उस वक्त चर्चा में आईं थीं, जब उन्होंने कांग्रेस सांसद और एमपी कांग्रेस के चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ राहुल गांधी को चिट्ठी लिखी थी। उन्होंने इसमें प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मंच से नीचे उतारने को अपना अपमान बताया था।
यही वजह है, कमलनाथ दिल्ली में महिला कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर सक्रिय हैं। हालांकि यूथ कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रही रश्मि पवार, महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कविता पांडे, अंजू जायसवाल व अंजू सिंह बघेल की इस पद के लिए दावेदार हैं।