भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने मध्यप्रदेश पंचायत चुनावों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को आरक्षण के मुद्दे पर सरकार की नीयत पर सवाल उठाए हैं।
कमलनाथ ने आज यहां मीडिया से चर्चा में कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल विधानसभा में चर्चा के दौरान ओबीसी आरक्षण के संबंध में जो भी आश्वासन दिए हैं, उन पर क्या कदम उठाए जा रहे हैं, यह हम लोग देख रहे हैं। सरकार ने आश्वासन दिया है कि ओबीसी आरक्षण के बगैर पंचायत चुनाव नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि लेकिन सरकार की नीयत साफ नजर नहीं आ रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता कमलनाथ ने राज्य की वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कल्पना श्रीवास्तव के हाल ही में उद्यानिकी विभाग से तबादले के संबंध में कहा कि यह कदम उनके द्वारा भ्रष्टाचार उजागर करने पर उठाया गया है। एक अन्य सवाल के जवाब में कांग्रेस नेता ने कहा कि उत्तरप्रदेश में कांग्रेस हमारी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के कारण मजबूत हुयी है। श्रीमती वाड्रा को उन्होंने मध्यप्रदेश भी आमंत्रित किया है।
