इन्दौर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कांग्रेस नेताओं को खेतों में जाकर किसानों से बात करने और फसलों की नुकसानी का आकलन करने को कहा है, ताकि सरकार को घेरा जा सके। हालांकि अभी तक इंदौर जिले में ऐसी कोई रिपोर्ट ग्रामीण नेताओं ने तैयार नहीं की है, जिसके माध्यम से मालूम चल सके कि किसानों का कितना नुकसान हुआ है।
कांग्रेस सरकार में कृषि मंत्री रहे सचिन यादव ने कल इंदौर में आरोप लगाया कि किसानों की आमदनी नहीं बढ़ी, लेकिन उन पर कर्ज बढ़ता गया है। कल प्रदेश सरकार को घेरते हुए उन्होंने मीडिया के सामने कहा कि केन्द्रीय बजट में लगातार कृषि का बजट कम किया जा रहा है। कमलनाथ द्वारा सर्वे कराए जाने के निर्देश सभी जिला और शहर अध्यक्षों को दिए गए हैं, लेकिन अभी तक कांग्रेसी नेता मैदान में नहीं उतरे हैं। सचिन यादव ने बताया कि ओलावृष्टि से 43 जिलों के 3800 गांव प्रभावित हुए हैं।
