रीवा। लोकायुक्त पुलिस ने उमरिया में सहायक भू-सर्वेक्षण अधिकारी के घर छापा मारा है। छापे में अधिकारी के घर से 1 किलो की सोने की ईंट, 80 लाख कैश सहित 4 करोड़ की संपत्तियों की जानकारी मिली है। इसके साथ ही भोपाल की कोलार रोड पर एक आलीशान घर का भी खुलासा हुआ है। छापे की कार्रवाई उमरिया के साथ रीवा, भोपाल, शहडोल में भी हुई है।
जानकारी के अनुसार छापा रीवा के छत्रपति नगर में सहायक भू-सर्वेक्षण अधिकारी मुनेंद्र कुमार दुबे के घर पड़ा है। उनकी शिकायत लोकायुक्त रीवा से की गई थी। जांच में शिकायत सही पाई जाने के बाद कार्रवाई की गई।
मुनेंद्र के उमरिया स्थित घर में 80 लाख कैश, 23 लाख की एफडी, करोड़ों की कृषि योग्य जमीन और कई प्लाट सहित कई लग्जरी वाहनों के रिकार्ड और 1 किलो की सोने की ईंट मिली। अब तक 4 करोड़ की संपत्ति की जानकारी मिल चुकी है। कयास लगाए जा रहा है कि अभी संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ेगा।
भोपाल की कोलार रोड में है घर और प्लॉट :
मुनेंद्र दुबे के भोपाल के कोलार रोड पर मकान प्लॉट भी हैं। उनके कागजात भी लोकायुक्त टीम को मिले हैं। इनको भी जांच में ले लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार 2 दिन तक जांच चल सकती है।