ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी के तीन दिवसीय सदस्यता महाकुंभ के बाद ग्वालियर में तेजी से बढ़ते कोविड-19 पॉजिटिव मामले और मौतों की संख्या के बाद ग्वालियर कलेक्टर ने शहर में धारा 144 लगा दी है। इसके कारण शहर में सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की राजनीतिक आयोजन नहीं हो सकेंगे। धारा 144 के कारण कमलनाथ का मेगा शो स्थगित कर दिया गया।
खास बात यह है कि बढ़ते राजनीतिक आयोजनों के बाद नेता भी तेजी से संक्रमण का शिकार हुए हैं। जिले में कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक, शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा, ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष संक्रमित हो चुके हैं। जबकि भाजपा में संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, पूर्व मंत्री नारायण सिंह भी संक्रमण के शिकार बन चुके हैं।
22 से 24 अगस्त तक जिले में तीन दिवसीय सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया था। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर व राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया विशेष रूप से मौजूद रहे थे। आयोजन में 50 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को जुटाया गया था। कांग्रेस ने इसका विरोध करते हुए चार हजार से अधिक लोगों के साथ प्रदर्शन भी किया था। दोनों पार्टियों के नेताओं ने कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया। नतीजा उनके कार्यकर्ता दो संक्रमित हुए ही, उनके कारण आम जनता भी संक्रमित हो रही है।