भोपाल। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, मध्य प्रदेश द्वारा जारी कोरोनावायरस मीडिया बुलिटिन दिनांक 13 जून 2020 (शाम 6:00 बजे तक) एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाले आंकड़े लेकर आया है। इंदौर में कोरोना का ग्राफ 4000 को क्रॉस कर गया वहीं दूसरी ओर अनलॉक होते ही भोपाल में जो रफ्तार पकड़ी थी वह लगातार जारी है। भोपाल में आज फिर 63 पॉजिटिव मिले। भोपाल लगातार 50-100 पॉजिटिव के बीच चल रहा है। जबकि अनलॉक से पहले भोपाल 25-50 पर चलता था। 

सरकारी रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में 7257 सैंपल की जांच की गई जिसमें से 49 रिजेक्ट हो गए। 7059 सैंपल नेगेटिव लेकिन 198 पॉजिटिव निकले। इसी के साथ मध्यप्रदेश में महामारी से पीड़ित हुए मरीजों की संख्या 10641 हो गई है। 7 मरीजों की मौत के साथ महामारी से मरने वालों की संख्या 447 हो गई। आज 176 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया, कुल डिस्चार्ज लोगों की संख्या 7377 हो गई। मध्यप्रदेश के अस्पतालों में 13 इसकी स्थिति में 2817 मरीज भर्ती थे। 

निवाड़ी जिले में दो पॉजिटिव मामले मिले हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ना होने के कारण बुलेटिन में यह संख्या टीकमगढ़ जिले में दिखाई जा रही है।  भोपाल 63 और नीमच 12 की हालत चिंताजनक बनी हुई है। दोनों जिलों में एक्टिव केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ग्वालियर आज संतोषजनक स्थिति में रहा। केवल दो पॉजिटिव मिले जबकि 28 डिस्चार्ज हो गए।  198 पॉजिटिव के सामने 176 डिस्चार्ज संतोषजनक आंकड़ा नहीं है।  24 घंटे में 7 मरीजों की मृत्यु, चिंता को बढ़ाने वाली स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *