उज्जैन। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव गुरुवार सुबह उज्जैन आए। यहां शिप्रा नदी में डुबकी लगाई और तैराकी भी की। पूजाअर्चना और आचमन के बाद सीएम ने कहा कि धर्मधानी की पहचान शिप्रा से है। परंपरा है कि यहां स्नान के बाद तीर्थ का महत्व और बढ़ जाता है, मगर दुख होता है कि कुछ लोग मां शिप्रा पर प्रश्न करते हैं।

दरअसल मोक्षदायिनी शिप्रा नदी शुद्धिकरण का मुद्दा लोकसभा चुनाव में भी गरमाया हुआ है। बीते सप्ताह रामघाट पर पानी की पाइप लाइन फूटने और सीवेज चैंबर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी शिप्रा में मिला था। इसके बाद कांग्रेस आक्रामक हुई। कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी महेश परमार ने नदी में डुबकी लगाकर भाजपा को घेरा था। उन्‍होंने आरोप लगाया था कि अरबों रुपया खर्च करने के बाद भी नदी के ये हाल हैं। तब भाजपा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया ने इसे नौटंकी क़रार दिया था।

गुरुवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन पहुंचकर पलटवार किया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस प्रत्याशी का नाम लिए बगैर कहा कि यह मां (शिप्रा) का तट है। इसकी पवित्रता बनाई रखनी चाहिए। नदी में स्नान करने का आनंद ही अलग है। भाजपा सरकार के कारण ही आज शिप्रा में 12 महीने पानी उपलब्ध रहता है। आज से 20 साल पहले नवंबर-दिसंबर में ही पानी खत्म हो जाता है। अब ऐसी व्यवस्था है कि जब चाहो नर्मदा से पानी आ जाता है।

समस्त देवी-देवताओं की प्रदक्षिणा का पुण्य प्रदान करने वाली, पवित्र माह वैशाख की कृष्ण दशमी से अमावस्या तक चलने वाली ‘पंचकोशी यात्रा’ के लिए, बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में श्रद्धालुओं का दूर-दूर से आगमन होता है। शिप्रा स्‍नान के बाद सीएम ने कहा यहां पंचकोशी यात्रा आरंभ हो रही है। भाजपा सरकार के कार्यों के कारण ही पूरे वर्ष नदी का जल मिल रहा है। पहले यह हालत थी कि नवंबर-दिसंबर माह के बाद यहां पानी नजर नहीं आता था। बीते सप्ताह रामघाट पर पानी की पाइप लाइन फूटने और सीवेज चैंबर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी शिप्रा नदी में मिल गया था।

सीएम यादव यहां संत समागम और कार्यकर्ता सम्मेलन में भी शामिल हुए। यहां उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता आज भी श्री राम के दर्शन के लिए अयोध्या नहीं जा रहे। उन्हें लगता है कि दूसरे धर्म के वोट नहीं मिलेंगे। यह उनकी गलत फहमी है। जिस तरह शिशुपाल ने 100 गलतियां की थी और फिर कृष्ण ने अपने सुदर्शन से उसका वध किया था, उसी तरह 13 मई को आपके हाथ में भी सुदर्शन रहेगा। उससे कांग्रेस के हाथ का पंजा कटेगा। सीएम ने कहा कि आज भगवान राम का आनंद आया है, नई सरकार बनेगी। निश्चित रूप से गोपाल कृष्ण मुस्कुराएंगे।

सीएम ने अपने विधानसभा क्षेत्र उज्जैन दक्षिण में प्रचार प्रसार कर कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्‍होंने उज्जैन में अपने बूथ क्र. 60 पर जनसंपर्क किया। यहां 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठों को आयुष्मान भारत के तहत फार्म भरवाए गए। साथ ही नव मतदाता व लाभार्थियों से मिले।मुख्‍यमंत्री ने कोयला फाटक रोड स्थित महाकाल परिसर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया