भोपाल एमपी में कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव ने सीएम शिवराज सिंह चौहान से बड़ी मांग की है। उन्होंने प्रदेश के दो चर्चित बाबाओं को कैबिनेट मंत्री बनाने को कहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और प्रदीप मिश्रा को सरकार में कैबिनेट मंत्री बना दें। राकेश यादव ने कहा कि सीएम शिवराज सिंह चौहान अपने कैबिनेट के साथियों के साथ 18-18 घंटे काम कर रहे हैं। इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। अब एमपी में दो महाराज जी का आगमन हुआ है।
अब एमपी में दो ऐतिहासिक पुरुषों का आगमन हुआ है। ये दोनों चुटकियों में सारी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री से मांग की है कि एक विशेष कानून के तहत दोनों बाबाओं को अपनी कैबिनेट में शामिल करें। अभी एमपी में छह महीने के बाद चुनाव हैं। दोनों को छह महीने के लिए कैबिनेट मंत्री बनाएं।
मंत्रालय के नाम भी बताए
कांग्रेस नेता ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को मंत्रालय के नाम भी बताए हैं। एक समस्या निवारण मंत्रालय दिया जाए और दूसरे को धार्मिक समस्या मंत्रालय दिया जाए। राकेश सिंह यादव ने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा रुद्राक्ष के माध्यम से सारी समस्याओं का निवारण कर रहे हैं। वह 46 लाख रुद्राक्ष बांट रहे हैं। हमारी सरकार से अपील है कि उन्हें साढ़े सात करोड़ रुद्राक्ष दिया जाए। इसे राशन की दुकानों के माध्यम से वितरित किया जाए।
राकेश सिंह यादव ने पंडित प्रदीप मिश्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके रुद्राक्ष से गरीब सुखी हो जाएंगे। साथ ही कर्जा मुक्त हो जाएंगे। उन्हें नौकरी मिल जाएगी और बच्चे पढ़ने में तेज हो जाएंगे। सारी समस्याओं का अंत हो जाएगा। नफरत समाप्त हो जाएगी। इससे अच्छा एमपी के लिए और क्या हो सकता है।
इसके साथ ही राकेश यादव ने कहा कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री तो पर्चा लिखकर भूत और भविष्य बताते हैं। ऐसे में प्रदेश में 35 लाख बेरोजगार हैं। उनको वहां बुलाया जाए। उन सभी का पर्चा लिखवाया जाए और उनका भविष्य बनवाया जाए। कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव ने कहा कि अगर ऐसे अद्भुत पंडित हमारे मध्यप्रदेश में मौजूद हैं तो सरकार क्या कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार 40 मंत्रियों को क्यों पाल रखी है। ये लोग कुछ नहीं कर रहे हैं। राकेश सिंह यादव ने कहा कि ये लोग तो कथा कराते हैं और उनके भजन में जाते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पंडित योग्य हैं। इनको मंत्री बनाया जाना चाहिए।