टीकमगढ़. एमपी के टीकमगढ़ स्थित ग्राम बाबई में प्रेमीयुगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. प्रेमी युगल फांसी के फंदे पर झूलते देख ग्रामीणों में हड़कम्प मच गया. देखते ही देखते कई लोग एकत्र हो गए, जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है. पुलिस को पूछताछ में पता चला कि युवक शादीशुदा रहा, जो युवती का रिश्ते में जीजा लगता था.

  बताया गया है कि ग्राम बाबई थाना बम्होरीकला निवासी अजय कुशवाहा उम्र 25 वर्ष जिसकी करीब 8 वर्ष पहले शादी हुई थी. शादी के बाद उसके दो बच्चे हुए. इसके बाद भी अजय कुशवाहा के चंदेरा गांव में उसके रिश्ते की साली सूरज देवी उम्र 18 वर्ष से प्रेम संबंध हो गए. दोनों एक दूसरे से मिलते रहे, 4 अप्रेल को अजय कुशवाहा चंदेरा गांव पहुंचा और सूरज देवी को भगाकर ले गया. सूरज देवी के अचानक गायब होने से परिजन परेशान हो गए, उन्होने अपने स्तर पर तलाश की लेकिन सूरजदेवी का कहीं पता नहीं चल सका. इसके बाद थाना में शिकायत की, जिसपर पुलिस ने गुम इंसान का मामला कायम कर लिया. पुलिस ने दोनों की तलाश शुरु कर दी, इस बीच अजय व सूरज देवी ने बाबई गांव के पास जंगल में पेड़ पर फंदा डालकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

आज ग्रामीणजन जंगल से गुजरे तो दोनों को फांसी के फंदे पर लटकते देख स्तब्ध रह गए. प्रेमीयुगल अजय व सूरज देवी के फांसी पर लटकने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई. देखते ही देखते कई लोग एकत्र हो गए, जिनके बीच तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त रही. मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया. पुलिस को पूछताछ में परिजनों ने जानकारी दी कि अजय कुशवाहा के साले की शादी चंदेरा गांव में हुई थी. जिसके चलते अजय कुशवाहा का चंदेरा गांव आना जाना होने लगा. इस बीच अजय के अपने साले ही साली सूरज देवी से प्रेमसंबंध हो गए थे.