ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड में आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने पांच रथों को हरी झंड़ी दिखाकर मध्य प्रदेश में विकास यात्रा की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि विकास यात्रा का उद्देश्य नए हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान करना, विभिन्न योजनाओं का लाभ देना, पहले के हितग्राहियों से संवाद स्थापित करना तथा छूटे हुए हितग्राहियों का नाम जोड़ना है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में गरीब कल्याण हमारा संकल्प है। सीएम शिवराज ने कहा कि भिण्ड में मेडिकल कालेज खोला जाएगा। लाड़ली बहना योजना के लिए 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से फार्म भरना शुरू हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आज संत रविदास जी की जयंती है। उन्होंने कहा था कि – ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न। उनके इस मंत्र को आत्मसात कर जनता की सेवा के संकल्प को भाजपा और हम पूर्ण कर रहे हैं। संत शिरोमणि, परम श्रद्धेय रविदास जी के चरणों में प्रणाम करते हुए संकल्प व्यक्त करता हूं कि गरीब भाई-बहनों के जीवन में बदलाव के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि भिण्ड और आस-पास के क्षेत्र में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत 3.50 लाख लोग जन कल्याणकारी योजनाओं से जोड़े गए हैं, जो पहले नहीं जोड़े गए थे। अभी भी कोई योजनाओं से छूट रहा हो, तो नाम जोड़ा जाए। लाडली लक्ष्मी बेटियों का एडमिशन मेडिकल, इंजीनियरिंग, ला, आइआइएम आदि में होगा, तो उनकी फीस माता-पिता नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार भरवाएगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना योजना के लाभ के लिए फार्म भरने की प्रक्रिया 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से शुरू होगी। बहनों से निवेदन है कि इस राशि का सदुपयोग आप स्वयं सुनिश्चित करेंगी। मध्य प्रदेश में आपके मामा शिवराज की भाजपा सरकार है, जिसमें गरीब भाई-बहनों के कल्याण के लिए कभी भी पैसे की कमी नहीं आने दूंगा। आप सभी गरीब भाई-बहनों की जिंदगी बदलना ही मेरे जीवन का संकल्प है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज एक वैभवशाली, गौरवशाली, समृद्ध व शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। भारत पूरी दुनिया में शान के साथ खड़ा हुआ है और आंखें झुकाकर नहीं, आंखों में आंख डालकर बात करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक लाख 14 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है और प्रतिमाह 2 लाख से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का हम प्रयास कर रहे हैं। बैंकों को लोन वापसी की गारंटी सरकार देगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पिछले साल 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान हमने बजट में किया, ताकि गरीबों के मकान बन सकें।
किसान कल्याण हमारी प्राथमिकता है। पिछले 2 साल में विभिन्न योजनाओं के तहत प्रदेश के किसानों के बैंक खातों में 2.25 लाख करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं। हम खेत की एक-एक इंच भूमि को सिंचित करने के लिए पानी की व्यवस्था करेंगे। आज रविदास जयंती के दिन विकास यात्रा प्रारंभ हो रही है। इस विकास यात्रा के दौरान विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास होगा और स्वीकृति पत्र प्रदान किए जाएंगे। किसी हितग्राही का नाम छूट गया हो, तो उनके नाम जोड़े जाएंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि भिण्ड में मेडिकल कालेज की स्वीकृति दी जाएगी। मेडिकल कालेज सिर्फ शिक्षा ही नहीं, चिकित्सा का महत्वपूर्ण संस्थान होता है। मुख्यमंत्री ने भिण्ड में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के अंतर्गत 3 लाख 77 हजार से अधिक स्वीकृति पत्रों का वितरण एवं 397 करोड़ रुपये से अधिक के 125 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।