भोपाल।  मध्य प्रदेश पुलिस में निरीक्षक से लेकर आरक्षक तक के 22 हजार से ज्यादा पद खाली पड़े हुए हैं। यह जानकारी हाल ही में पुलिस मुख्यालय ने गृह विभाग को भेजी है। इसमें जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल, पुलिस प्रशिक्षण सहित अन्य में स्वीकृत पदों के विपरित खाली पदों की जानकारी दी गई है।

प्रदेश पुलिस में 6 हजार पदों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस प्रक्रिया के दौरान ही पुलिस मुख्यालय ने गृह विभाग को यह बताया है कि उसके साढ़े 22 हजार से ज्यादा पद इस वक्त खाली पड़े हुए है। इस जानकारी के जरिए पुलिस मुख्यालय भविष्य में खाली पड़े पदों के विपरित पुलिस भर्ती को लेकर जोर दे सकता है।

कितने किसके पद खाली
जिला पुलिस बल में रक्षित निरीक्षकों के 4 पद खाली हैं। वहीं निरीक्षकों के 208 पद, सूबेदारों के 77 पद, एसआई के 391 पद, एएसआई के 1243 पद खाली है। इसी तरह जिला पुलिस में 11 हजार 463 पद आरक्षक और 2291 पद प्रधान आरक्षकों के खाली हैं। वहीं विशेष सशस्त्र बल में निरीक्षकों के 73 पद खाली हैं।

जबकि एसआई के 245, एएसआई के 106, प्रधान आरक्षक के 449 और आरक्षक के 1757 पद खाली हैं। पुलिस प्रशिक्षण में भी खाली पदों की संख्या बहुत ज्यादा हो चुकी है। यहां पर रक्षित निरीक्षक के दो पदों के साथ ही निरीक्षकों के 70 पद, सूबेदारों के 11, एसआई के 31 पद, प्रधान आरक्षक के 409 और 616 आरक्षक के पद खाली हैं। जबकि अन्य शाखाओं में निरीक्षक के 264 पद, एसआई के 279 पद, प्रधान आरक्षक के 1066 पद और आरक्षक के 1248 पद खाली हैं।