मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दिगौड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पूनोल नाला इलाके में एक महिला ने अपने डेढ़ साल के मासूम बच्चे के साथ घर के अंदर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इस घटना में मां और मासूम बच्चे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और सनसनी का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूनोल नाला निवासी 29 वर्षीय संजना दांगी ने अज्ञात कारणों के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया। महिला ने अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे को साथ लेकर घर के भीतर फांसी लगा ली। जब परिजनों और आसपास के लोगों को घटना का पता चला, तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं।

घटना की सूचना तुरंत स्थानीय दिगौड़ा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल महिला द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। दिगौड़ा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की सही वजह का पता लगाया जा सके।