सिद्धार्थनगर। जिले के भवानीगंज थानाक्षेत्र में एक शख्स ने बड़प्पन दिखाते हुए पत्नी के प्यार के लिए खुद पीछे हटने का फैसला लिया। पत्नी का उसके प्रेमी से बेइंतहा प्यार को देखते हुए पति ने राजी खुशी से पत्नी से संबंध विच्छेद करते हुए प्रेमी के साथ जाने की सहमति दे दी। यह घटना सिद्धार्थनगर जिले के भवानीगंज थानाक्षेत्र में परसा मुर्तजा गांव की है। जहां, चार बच्चों की मां को उसके पति ने उसके प्रेमी को सौंप दिया। पत्नी खुशी-खुशी अपने प्रेमी के साथ उसके घर चली गई।

पती मुंबई में टाइल्स लगाने का करता था काम
सूत्रों का कहना है कि रामचरण नामक व्यक्ति का लगभग 20 वर्ष पहले जानकी देवी से विवाह हुआ था। शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था। दोनों की चार संतानें हुईं लेकिन घर का खर्च बढ़ा तो रामचरन मुंबई जाकर टाइल्स लगाने का काम करने लगा। इसी बीच, जानकी देवी की पड़ोस गांव के 25 वर्षीय परशुराम से दोस्ती हो गई और बाद में दोनों ने ‘कोर्ट मैरेज’ (अदालती शादी) कर ली।
सूत्रों के मुताबिक जानकी और परशुराम लगभग छह महीने साथ रहे, फिर अचानक महिला अपने पुराने पति के घर वापस पहुंची और माफी मांग कर साथ रहने की जिद करने लगी। इस पर महिला के पति ने उसे अपना लिया, लेकिन कुछ महीने बाद जानकी अचानक फिर अपने प्रेमी परशुराम के साथ चली गई। तब रामचरन ने थाने में शिकायत की जहां दोनों पक्ष को बुलाया गया।
मामला बना चर्चा का विषय
सूत्रों के अनुसार थाने में हुई बातचीत के दौरान परशुराम ने तय किया कि चारों बच्चे अपने पिता के साथ रहेंगे और महिला उसके साथ रहेगी। इसके बाद रामचरण अपनी पत्नी जानकी को उसके प्रेमी परशुराम के हवाले कर दिया और महिला खुशी-खुशी उसके साथ चली गई।यह घटना सिद्धार्थनगर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
