हरियाणा के गुरुग्राम जिले में टेनिस प्लेयर राधिका यादव की हत्या का मामला देशभर में सुर्खियों में है। पुलिस ने मामले को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे आरोपी का मकसद क्या था, यह बात अभी तक साफ नहीं हो सकी है? पुलिस ने केस को ‘ओपन एंड शट’ बताया है। मामले में जल्द चार्जशीट दाखिल करने की बात कही गई है।
बता दें कि 25 साल की टेनिस प्लेयर राधिका यादव की उसके ही पिता दीपक यादव ने 11 जुलाई की सुबह गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। हत्या को आरोपी ने गुरुग्राम के सेक्टर-57 के सुशांत लेक इलाके में स्थित दोमंजिला घर में अंजाम दिया था। पिस्टल से राधिका को 4 गोलियां मारी गई थीं।
सोशल मीडिया के बयान नहीं मानेगी पुलिस
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक राधिका के जिन दोस्तों ने सोशल मीडिया के जरिए अपने बयान दर्ज करवाए हैं, पुलिस उनके बयान नहीं लेगी। पुलिस के अनुसार मामला ‘ओपन एंड शट’ है, चार्जशीट दायर करने के लिए पुलिस के पास मजबूत फॉरेंसिक और साक्ष्य रिपोर्ट है।
वहीं, राधिका की एक सहेली हिमांशिका सिंह राजपूत सामने आई हैं। उन्होंने रविवार को एक इंस्टाग्राम पोस्ट में आरोप लगाया था कि मर्डर को प्रीप्लांड ढंग से अंजाम दिया गया। सामाजिक दबाव के कारण ऐसा किया गया। राधिका की हालत ठीक नहीं थी। पिता ने मर्डर से 3 दिन पहले पूरी प्लानिंग कर ली थी।
गुनाह कबूल कर चुका है आरोपी
हिमांशिका सिंह के अनुसार राधिका अपनी पिता की मांगों को मान चुकी थी। राधिका के पिता के कुछ दोस्त थे, जो उसकी कामयाबी से जलते थे। वे उसके पिता पर दबाव देते थे। राधिका की कमाई खाने का ताना देते थे। राधिका का इंस्टाग्राम अकाउंट प्राइवेट था।
पुलिस के अनुसार राधिका की हत्या और सोशल मीडिया पर उसकी मौजूदगी का आपस में कोई कनेक्शन नहीं है। आरोपी अपना गुनाह कबूल कर चुका है। मामले के जो वीडियो सामने आए हैं, उनके पीछे कोई सीधा संबंध नहीं है।
पुलिस के अनुसार वजीराबाद गांव में जाकर लगभग 20 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई है। वहीं, दीपक ने पुलिस पूछताछ में ऐसा कोई खुलासा नहीं किया है, जो उसे बेटी को लेकर उकसा रहा हो। पता लगा है कि सोशल मीडिया पर 69 लोग राधिका को फॉलो करते थे। उसका अकाउंट भी प्राइवेट था।
