ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हनी ट्रैप के जरिए राजस्थान के एक व्यापारी से लाखों रुपये के सोने के गहने लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस से जुड़ी महिला नेता रीता आर्य समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अन्य आरोपियों में उनके पति राजेन्द्र बुन्देला, बेटी और दामाद शामिल हैं। पुलिस ने सभी को कांच मिल इलाके से दबोचा।
पुलिस के अनुसार, Bharat Bhutani नामक व्यापारी राजस्थान के Kota के रहने वाले हैं और ऑटो पार्ट्स का कारोबार करते हैं। वह इन दिनों रामलीला में अभिनय के सिलसिले में ग्वालियर आए हुए थे। इसी दौरान उन्हें गांधीनगर स्थित एक घर में बुलाया गया, जहां पहले से हनी ट्रैप की साजिश रची गई थी।
कमरे में बुलाकर रची साजिश
बताया जा रहा है कि घर पहुंचने पर रीता आर्य और उनकी बेटी निधि ने व्यापारी को मेहमान की तरह बैठाया। इसके बाद रीता उन्हें एक कमरे में ले गईं। इसी दौरान रसोई में छिपे राजेंद्र और विशाल मुंह पर कपड़ा बांधकर कमरे में घुस आए।
दोनों ने मोबाइल पर रिकॉर्डिंग शुरू कर व्यापारी पर गंभीर आरोप लगाने और जेल भेजने की धमकी दी। डराने के बाद उन्होंने व्यापारी के हाथ से अंगूठी और कड़ा तथा गले से सोने की चेन छीन ली। लूटे गए गहनों का वजन करीब 8 तोला बताया गया है, जिसकी कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है।
सीसीटीवी से खुला राज
मामले की जानकारी देते हुए पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि शुरुआत में व्यापारी ने इसे लूट की घटना बताया था। लेकिन जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें राजेंद्र और विशाल चेहरा ढककर भागते हुए दिखाई दिए।
कुछ देर बाद रीता और निधि भी उसी दिशा में जाते नजर आईं। इसके बाद पुलिस ने लोकेशन के आधार पर चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
गहने बरामद, पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से व्यापारी से छीने गए सोने के गहने भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल चारों से पूछताछ की जा रही है और पूरे गिरोह के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
