नई दिल्ली । राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार प्रेम या अवैध संबंधों के कारण देश भर में हत्याएं तेजी से बढ़ीं । आंकड़ों के अनुसार 2017 से 2021 तक देश भर में प्रेम संबंधों या अवैध संबंधों के कारण होने वाली हत्याओं की संख्या 2706 से बढ़कर 3139 हो गई।

1995 के चर्चित तंदूर हत्याकांड में युवा कांग्रेस के तत्कालीन नेता सुशील शर्मा ने दिल्ली में अपनी साथी नैना साहनी को अवैध संबंधों के शक में गोली मार दी थी। उसने उसके शरीर को टुकड़ों में काट दिया और फिर टुकड़ों को अपने दोस्त द्वारा प्रबंधित एक लोकप्रिय रेस्तरां की छत पर तंदूर में जलाकर निपटाने की कोशिश की। भारत में यह एक ऐतिहासिक मामला था, जिसमें आरोपी के अपराध को साबित करने के लिए डीएनए सबूत और दूसरी शव परीक्षा का इस्तेमाल किया गया था। दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा आरोपी को दी गई सजा आजीवन कारावास थी।

एक और घटना में 7 मई, 2008 को टीवी प्रोडक्शन फर्म सिनर्जी एडलैब्स के वरिष्ठ कार्यकारी नीरज ग्रोवर की कन्नड़ अभिनेत्री मारिया सुसाईराज के अपार्टमेंट में कथित तौर पर उनके मंगेतर एमिल जेरोम मैथ्यू ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी, जो मुंबई में एक पूर्व-नौसेना अधिकारी था। जेरोम 7 मई को कोच्चि नौसैनिक अड्डे से मुंबई के लिए विमान से रवाना हुआ था और रात में मारिया के फ्लैट पर गया, जहां उसने एक आदमी की आवाज सुनी। ईष्र्या के कारण उसने मारिया की रसोई से चाकू लेकर नीरज की हत्या कर दी। इसके बाद दंपति ने शव के टुकड़े किए, उन्हें दो थैलियों में भरकर शव को जलाने के लिए ठाणे के मनोर जंगलों में ले गए। मारिया को 3 साल की कैद हुई, जबकि जेरोम को 10 साल जेल की सजा सुनाई गई। मुंबई सत्र न्यायालय ने फैसला दिया कि नीरज की हत्या सुनियोजित नहीं थी।