भोपाल।  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने एक बार फिर सरकार को चेतावनी दी है, उन्होंने कहा कि हमारे लोगों पर झूठे प्रकरण दर्ज किये जा रहे हैं, 16 महीने बाद हमारी सरकार बनने जा रही है, हम इन सब का हिसाब लेंगे। यह बात उन्होंने सागर में आयोजित हुई पत्रकार वार्ता में कही। नाथ ने कहा कि भाजपा के पास पैसा, पुलिस और प्रशासन ही है। जिनके पास जन समर्थन होता हैं उन्हें इन तीनों की जरूरत नहीं पड़ती है।

भाजपा इन तीनों के बल का इस्तेमाल कर रही है। हमारी सरकार बनेगी और हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के लिए विजन चाहिए, लेकिन यह सरकार टेलीविजन वाली है, इसलिए स्मार्ट सिटी नहीं बन पा रही है। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री ने उन पर कई आरोप लगाए, कहा गया कि किसानों का कर्ज माफ हमारी सरकार ने नहीं किया। जबकि भाजपा की सरकार ने विधानसभा में खुद कबूल किया कि 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया गया। उन्होंने कहा कि सागर की जनता को तय करना है कि उसे कैसा सागर चाहिए, अगले साल हमारी सरकार बन जाएगी। कांग्रेस की सरकार और कांग्रेस के महापौर मिलकर सागर का विकास करेंगे।

कमलनाथ का जब रोड शो शुरू हुआ, उसके कुछ ही देर बाद उसी रास्ते पर जैन मुनियों का संघ भी आ रहा था। जिसे देखकर कमलनाथ और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपना रोड शो किनारे कर लिया और जैन मुनियों के लिए रास्ता दिया। इस दौरान नाथ ने जैन मुनियों को प्रणाम भी किया।

आधा दर्जन सभाएं
कमलनाथ ने सागर में कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में रोड शो किया। करीब 6 किलो मीटर के रोड शो में नाथ ने आधा दर्जन जगहों पर नुक्कड़ सभाएं भी की। सागर पहुंचने के बाद कमलनाथ सबसे पहले हनुमान जी के मंदिर पहुंचे। यहां पर उन्होंने पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने सेवादल का ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने रोड शो शुरू किया। नाथ खुली जीप पर सवार हुए, उनके साथ कांग्रेस के कई नेता भी मौजूद थे। रोड शो कांग्रेस उम्मीदवार के घर से शुरू होकर भगवान गंज पहुंचा। इसके बाद वे यहां स्थित गुरुद्वारे गए और मत्था टेका।

नाथ के अब लगातार दौरे
कमलनाथ अब लगातार चुनाव प्रचार करेंगे। सोमवार को वे सतना जाएंगे, मंगलवार को वे उज्जैन जाएंगे। इसके बाद 29 जून को वे ग्वालियर जाएंगे, 30 जून को वे जबलपुर में रोड शो और सभा करेंगे।