भोपाल । दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी से लगे उत्तरी कोंकण पर एक चक्रवात मौजूद होने से शहर का मौसम सीवियर कोल्ड-डे की चपेट में है। इस सिस्टम से दक्षिण-पूर्वी मप्र से होकर झारखंड तक एक ट्रफ बना हुआ है। इसकी वजह से आ रही नमी के कारण सुबह के समय कोहरा, कुहासा छा रहा है।
साथ ही मध्यस्तर पर बादल बने हैं। इस वजह से जहां रात के तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं रही है, वहीं दिन में ठिठुरन बनी हुई है। आने वाले तीन दिनों में वेदर सिस्टम कमजोर पड़ने से वातावरण से नमी कम होने लगेगी। इससे रात के तापमान में और गिरावट होने लगेगी।
आज सुबह राजधानी का अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से सात डिग्री से. कम रहा। साथ ही सोमवार के अधिकतम तापमान 19 डिग्री से. की तुलना में 1.4 डिग्री से.कम रहा। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से. रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री से. कम रहा। अगले 24 घंटों के बारे में मौसम विभाग का अनुमान है कि आसमान में बादल छाये रहेंगे और सर्द हवाओं की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटा होने के कारण ठिठुरन का अहसास होगा।
मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि हवा का रुख बदलने से आई नमी के कारण बादल छाने लगे थे। इसके चलते न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई, जबकि अधिकतम तापमान में गिरावट हुई है। बुधवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। गुरुवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होने के आसार हैं।
