ग्वालियर। लोकायुक्त पुलिस ने शिवपुरी जिले के नरवर तहसील के ग्राम सिलरा के पंचायत सचिव (रोजगार सहायक ) को गौशाला सहित अन्य निर्माण कार्य के भुगतान देने के एवज में एक लाख रूपये की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों दबोच लिया है। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी पंचायत सचिव पर भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर सिंह यादव ने बताया कि शिवपुरी जिले के नरवर के पंचायत सचिव नरेन्द्र सिंह ने सिलरा गांव में हुये निर्माण कार्य के भुगतान के एवज में दो लाख १७ हजार रूपये की मांग की थी। इसकी शिकायत सरपंच के भाई असीम खान ने लोकायुक्त पुलिस को की। आज जैसे ही तय स्थान करैरा में फरियादी असीम खान ने पंचायत सचिव को एक लाख रूपये दिये तभी पास खडी लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी नरेन्द्र के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।