ग्वालियर | मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाऐं चलाई है अब महिलाऐं चौका-चकिया तक सीमित नहीं है वे अब अपने आप में स्वावलम्बी बन रही है। उन्होंने कहा कि कई महिलाऐं तो अपने पतियों की मदद कर रही है। उन्होंने गुना जिले का उदाहरण देते हुए बताया कि एक महिला ने अपने पति को ट्रेक्टर भी खरीद कर दिया है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल मंगलवार को अटेर जनपद पंचायत के परा गांव में जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद श्रीमती संध्या राय, प्रदेश के सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ अरविन्द सिंह भदौरिया, अटेर जनपद अध्यक्ष श्रीमती कमला देवी उपस्थित थे।जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने जनप्रतिनिधियों से आव्हान किया कि वे बुजुर्गो, गरीबो तपके वर्गो की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहे। उनकी सेवा से ही हमारा राजनैतिक मकसद सार्थक होता है उन्होंने मौके पर स्वसहायता समूह की श्रीमती रानी भदौरिया, पूजा शाक्य को 1 करोड 26 लाख रूपये का चैक भेंट किया। उन्होंने प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान वेरीकेटस पर पहुंचकर लोगों से कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में पूछताछ और आंगनबाडी केन्द्र का निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत को जाना।
जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुये राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का व्यक्तित्व सम्वेदनशील है। महिलाओं, वंचितो और आवासहीन दिव्यांगजनों के कल्याण विकास की योजनायें उनके दिल से निकलती है। मोदी जी में व्यक्ति उसकी समस्याओं और सार्मथ्य को पहचानने की अद्भुत क्षमता और द्रव्यदृष्टि है। उन्होंने गरीबों, आवासहीनों, महिला सशक्तिकरण और उनके आर्थिक स्वावलम्बन के लिये केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की प्रगति अच्छे जनप्रतिनिधियों से होती है, तभी उनका राजनैतिक जीवन सार्थक माना जाता है। उन्होंने श्रीमती बंदना द्वारा स्वसहायता समूहो के माध्यम से जैविक खेती और प्राकृतिक खेती से हुए बदलाव से किसानों के जीवन में आ रहे बदलाव की सराहना की। उन्होंने सहकारिता मंत्री डॉ अरविन्द सिंह भदौरिया क्षेत्र में हुए विकास कार्यो की भी सराहना की। उन्होंने चंबल की पावन धरती को नमन करते हुए कहा कि भिण्ड और मुरैना के सर्वाधिक जवान देश की सरहद पर अपनी सेवाऐं दे रहे है।राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार ने कई महत्वाकांक्षी योजनाऐं चलाई है। उन्होंने लाडली लक्ष्मी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना ने बच्चियों का भाग्य ही बदल दिया है। म.प्र. में 44 लाख 26 हजार लाडली लक्ष्मियों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई जमाना था, जब बच्चियों को मार दिया जाता था। बच्चियों की कमी और पुरूषों की तुलना में महिलाओं का अनुपात कम होने पर केन्द्र की मोदी सरकार ने पहले बेटी बचाओ फिर बेटी पढ़ाओ योजना शुरू की। इसके बाद सेल्फ हैल्प ग्रुपो के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण किया। इसके सकारात्मक परिणाम परिलक्षित हुये। इसके बाद लाडली लक्ष्मी योजना और अब मुख्यमंत्री लाडली बहिना योजना की शुरूआत की है। इस योजना में प्रतिमाह महिलाओं को एक हजार रूपये मिलेंगे। स्व-सहायता समूहों से महिला सशक्त हो रहीं है। वे आर्थिक एवं सामाजिक तरक्की कर रहीं है। उन्होंने कहा कि कई महिलायें तो अपने पतियों की मदद कर रही है।प्रधानमंत्री आवास नीति पर चर्चा करते हुये राज्यपाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर आवासहीन को आवास दिलाने का संकल्प लिया है, उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों को आवास मिल जाता है। उनका जीवन आनंदमय हो जाता है। आज एक-एक झोंपड़ी वालों को ढूंढकर सरकार आवास दे रही है। उन्होंने कहा कि झोपड़ी में रहने वाले से पूछो कि बरसात और सर्दी के मौसम में उनका जीवन कैसे कटता है। उन्होंने कहा कि मैं भी झोपड़ी में रहा हूं, मुझे मालूम है कि क्या-क्या परेशानियां आती है। आज मोदी जी सबको आवास दे रहें है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी जी ने पद पर बैठकर गरीबों के लिये ऐसी योजनायें बनाई है, जो उनकी दशा बदल रहीं है। राज्यपाल पटेल ने उज्जवला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि आज सुदूर अंचलो में घर-घर लाईट पहुंच गई है। उज्जवला योजना के तहत हर गरीब परिवार को गैस सिलेण्डर के कनेक्शन दिए है।क्षेत्रीय सांसद श्रीमती संध्या राय ने कहा कि बडे ही हर्ष का विषय है कि भिण्ड जिले में आज राज्यपाल महोदय ने आकर हमारा गौरव बढाया। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के साथ नया नारा सबका प्रयास जोडकर चल रहे है। उन्होंने कहा कि मेने महामहिम राष्ट्रपति और राज्यपाल महोदय के बजट भाषण को सुना है। इस भाषण में गरीबो, तपके वर्गो और किसानों के कल्याण के साथ-साथ देश के चहुंमुखी विकास की बात कहीं गई है।सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ अरविन्द सिंह भदौरिया ने राज्यपाल महोदय के चंबल की धरा भिण्ड में पहली बार पधारने पर उनका स्वागत अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि चंबल लम्बे समय तक डकैतो के भय से बदनाम रहा है अब चंबल में ऐसी स्थिति नहीं है। चंबल विकास के क्षेत्र में अपनी पहिचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर आज सर्वाधिक जवान भिण्ड और मुरैना के तैनात होकर देश की रक्षा करके देश का स्वाभिमान बढा रहे है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार हमारे प्रदेश के मुखिया उत्तरोत्तर प्रगति कर रहे है। उन्होंने कहा कि 5 फरवरी को मुख्यमंत्री जी द्वारा भिण्ड से विकास यात्रा की शुरूआत की गई। भिण्ड में मेडीकल कॉलेज की घोषणा के साथ-साथ भिण्ड नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा देकर गए है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल महोदय का बजट भाषण हमे विधानसभा में सुनने को मिला जो गरीबो पिछडो, तपके वर्गो, किसानों के कल्याण और प्रदेश के चहुंमुखी विकास की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि यहां का किसान महनती परिश्रमी है। किसान सम्पन्न हो इसके लिए सिंचाई की महति आवश्यकता को देखते हुए 150 करोड रूपये की कनेरा सिंचाई योजना बनाई है। इससे 15 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को हाईवे की सडको से जोडा जा रहा है। जिले में सडको का जाल विछाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में लाडली बहिना योजना शुरू की गई है। इस योजना से महिलाओं की जिंदगी बदल जाएगी।इस अवसर पर राज्यपाल पटेल ने उद्यमता विकास योजना के तहत श्रीमती सोनिया, छाया और शिवानी को 10 लाख रूपये का चैक भेंट किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सुरेश पुत्र रामसहाय को प्रधानमंत्री आवास योजना का स्वीकृति पत्र भेंट किया। उन्होंने राजेन्द्री, रामसिया, सुश्री मीनू, विनोद को आयुष्मान कार्ड भेंट किये। श्रीलाल, सुखराम, मुन्नी को इन्दिरा गांधी वृद्वा पेंशन स्वीकृति पत्र भेंट किया। उन्होंने नरेश, जयसिंह को प्रधानमंत्री आवास योजना का स्वीकृति पत्र भेंट किया। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनोज कुमार सरियाम ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया, चंबल कमिश्नर दीपक सिंह, कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान,अपर कलेक्टर जेपी सैयाम, जनप्रतिनिधि सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित थे। https://www.facebook.com/plugins/share_button.php?href=http%3A%2F%2Fnews.sandhyadesh.com%2Ffull_news.php%20%20%20&layout=button_count&size=small&width=69&height=20&appId
