भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह मध्य प्रदेश के लिये गौरव की बात है कि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के मुख्य आतिथ्य में शहडोल में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी दिन मध्य प्रदेश में जनजातीय समुदाय के हित में पेसा एक्ट भी अधिकारिक रूप से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता के साथ प्रदेश का विकास सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री चौहान रविवार को शहडोल के लालपुर ग्राम में जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों की समीक्षा के बाद उमरिया जिले के गुरूवाही में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने यहां मौजूद बच्चों से भी बातचीत की। गुरूवाही से बांधवगढ़ जाते समय मुख्यमंत्री से कस्तूरबा गांधी छात्रावास की छात्राओं ने मुलाकात की और उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने अपनी भांजी छात्राओं को आशीर्वाद दिया और उनकी शिक्षा के संबंध में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों का जायजा लिया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को शहडोल के लालपुर गाँव पहुँचकर राज्य-स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि जनजातीय गौरव दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मध्यप्रदेश आ रही है। राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी यह पहली मध्यप्रदेश की यात्रा है। हम उनका शहडोल में भव्य स्वागत करें और कार्यक्रम को ऐतिहासिक, अभूतपूर्व एवं गरिमामयी स्वरूप प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि 15 नवम्बर भगवान बिरसा मुंडा के जन्म-दिवस पर जनजातीय परंपराओं एवं संस्कृति पर आधारित लोक नृत्यों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सुनिश्चित किये जायेंगे। राष्ट्रपति का जनजातीय परंपराओं के अनुसार भव्य और गरिमामय स्वागत की तैयारियाँ भी सुनिश्चित की जाए। शहडोल कमिश्नर राजीव शर्मा ने सभास्थल की तैयारियों, बैठक, पार्किंग, पेयजल, परिवहन एवं भोजन व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी दी।
इस मौके पर खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह, जनजातीय कल्याण मंत्री मीना सिंह, विधायकगण जयसिंह मरावी, मनीषा सिंह, शरद कोल, नगरपालिका अध्यक्ष शालिनी सरावगी, एडीजी डीसी सागर, मुख्य वन संरक्षक लाखन सिंह उइके, कलेक्टर वंदना वैद्य सहित जन-प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
15 नवम्बर को लागू होगा पेसा एक्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा के जन्म-दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में मध्यप्रदेश में सामाजिक समरसता लाने के उददेश्य से पेसा एक्ट लागू होगा। हम सभी मिलकर सामाजिक समरसता का परिचय देते हुए महामहिम राष्ट्रपति का ऐसा ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण स्वागत करें, जो उन्हें हमेशा स्मरण रहें। मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों से भी इस कार्यक्रम में सहर्ष सहभागिता की अपील की।
