छतरपुर. एमपी के छतरपुर स्थित कोतवाली थाना को फूलों से सजाया गया, चहल-पहल का माहौल , मौका था थाना में पदस्थ महिला आरक्षक की गोद भराई का. थाना में पूरे पारिवारिक माहौल में आरक्षक की गोद भराई की सारी रस्में निभाई गई. इस मौके पर टीआई अरविंद सिंह दांगी ने पिता की भूमिका निभाई तो उनकी पत्नी मां के रुप में उपस्थित हुई. थाना के अन्य पुलिस कर्मियों ने भाई व बहन बनकर महिला आरक्षक की गोद भराई की रस्म को अदा किया.

बताया गया है कि महिला आरक्षक दिव्या मिश्रा   अपने घर टीकमगढ़ से दूर छतरपुर के कोतवाली थाना में पदस्थ है. जिसके चलते परिजन गोद भराई की रस्म नहीं कर पा रहे थे. दिव्या इस बात को लेकर थोड़ा मायूस रही, उसने अपने साथियों से इस बात की चर्चा की. चर्चा जब थानाप्रभारी अरविंद सिंह दांगी के कानों तक पहुंची तो उन्होने थाना में ही दिव्या मिश्रा की गोद भराई कराने का निर्णय लिया. जिसके चलते थाना में सजावट की गई. वह भी इस तरह से जैसे किसी रिसॉर्ट या बारात घर हो. इसके बाद थाना में ही आरक्षक दिव्या मिश्रा की गोद भराई की सारी रस्में अदा की गई. दिव्या मिश्रा भी थाना के सहकर्मियों व थानाप्रभारी द्वारा आयोजित किए गए कार्यक्रम से बहुत खुश नजर आई. आरक्षक दिव्या मिश्रा मैटरनिटी लीव पर जा रही थी, जिसके चलते यह गोद भराई का कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के आयोजन को लेकर कोतवाली थानाप्रभारी का कहना था कि आरक्षक की पहली पे्रग्रेंसी है और वह उत्साहित थी, ऐसे में उनकी खुशी में शामिल होने के लिए ये प्रयास किया गया. वहीं एसपी अमित सांघी ने कहा कि यह एक सराहनीय पहल है, हमारी पुलिस की टीम एक परिवार की तरह ही है, इस तरह के आयोजन से सभी को अच्छा लगता है. इस कार्यक्रम से महिला आरक्षक का भी मनोबल बढ़ेगा. जब भी इस तरह का कोई मौका आए तो एक पारिवारिक माहौल में कार्यक्रम होने से अच्छा लगता है.