डिंडोरी। मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दुखद सड़क हादसे में जबलपुर के गोरा बाजार थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी योगेंद्र परस्ते की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब योगेंद्र सड़क किनारे खड़े थे और एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि घायल अवस्था में उन्हें तुरंत डिंडौरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय योगेंद्र परस्ते अपने परिवार के साथ शाहपुर में मौसी के यहां एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। विवाह स्थल के पास ही वह सड़क किनारे खड़े थे, तभी अचानक एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार नशे में धुत था और नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के तुरंत बाद परिवार के सदस्यों और कुछ अन्य लोगों ने बाइक चालक का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से योगेंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। मृतक योगेंद्र परस्ते जबलपुर के गोरा बाजार थाना में पदस्थ थे और अपने कर्तव्यों के प्रति हमेशा सजग रहते थे। वह अपने पीछे पत्नी, दो बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य छोड़ गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। सिटी कोतवाली के पुलिसकर्मी भूपेंद्र यादव ने बताया कि मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारी और सहयोगियों ने योगेंद्र की असामयिक मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुःख जताया है और प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।