मुंबई। लोकेश कनगराज की फिल्म कुली का गाना ‘मोनिका’ इन दिनों सोशल मीडिया और म्यूज़िक चार्ट्स पर छाया हुआ है। पूजा हेगड़े पर फिल्माए गए इस गाने को इटली की मशहूर एक्ट्रेस मोनिका बेलुची को डेडिकेट किया गया है। खास बात यह है कि खुद मोनिका बेलुची ने यह गाना देखा और उन्हें यह बेहद पसंद आया। हाल ही में एक इंटरव्यू में जब पूजा हेगड़े को इस बारे में पता चला, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हैरानी जताते हुए उन्होंने कहा—
“अरे, सच में? यह मेरे लिए अब तक की सबसे बड़ी तारीफ है।”
पूजा ने बताया कि वह हमेशा से मोनिका बेलुची की बड़ी फैन रही हैं। उन्होंने कहा—
“मुझे उनका स्टाइल और अंदाज़ बेहद यूनिक लगता है। यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है कि उन्हें यह गाना पसंद आया।” अभिनेत्री ने अपने तमिल फैन्स का भी आभार जताया, जिन्होंने लगातार मोनिका बेलुची के इंस्टाग्राम पर कमेंट करके उन्हें यह गाना देखने की रिक्वेस्ट की थी। पूजा ने कहा—
“बहुत सारे तमिल फैन्स उनके इंस्टाग्राम पर कमेंट कर रहे थे और कह रहे थे- ‘प्लीज़ कुली का गाना देखिए।’”
पूजा ने यह भी खुलासा किया कि डायरेक्टर लोकेश कनगराज ने साफ कहा था कि इस गाने को फिल्म की कमर्शियल वैल्यू बढ़ाने के लिए शामिल किया गया है। इस पर पूजा ने खुशी जताई और कहा—
“जब उनके जैसा डायरेक्टर मुझ पर भरोसा जताता है, तो यह मेरे लिए बहुत रोमांचक होता है।”
