नई दिल्ली: आज के दौर में जब किसी महिला को बच्चा पैदा करने में परेशानी होती है, तो दंपत्ति अक्सर सरोगेसी का सहारा लेते हैं। यानी कोई दूसरी महिला अपनी कोख से उनके लिए बच्चा जन्म देती है। हालांकि सरोगेसी बेहद महंगी और भावनात्मक रूप से जटिल प्रक्रिया है। अमरीका में इस पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च होते हैं और भारत में भी यह लंबे समय से विवाद का मुद्दा रहा है। इसी बीच चीन से एक नई तकनीक सामने आई है, जो सरोगेट महिलाओं की जगह ले सकती है।

ग्वांगझोऊ की काइवा टैक्नोलॉजी कंपनी ने एक ऐसा ‘प्रैगनैंसी रोबोट’ तैयार किया है, जिसमें इंसानी गर्भाशय की नकल करने वाला आर्टिफिशियल वूम्ब (कृत्रिम कोख) लगाया जाएगा। इस तकनीक का विचार कंपनी के संस्थापक डा. झांग किफेंग ने दिया है। उनका दावा है कि यह रोबोट इंसानी महिला की तरह पूरे 10 महीने तक भ्रूण को गर्भ में पाल सकेगा और उसके विकास के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

रोबोट के पेट में एक विशेष नली होगी, जिसके जरिए भ्रूण को ऑक्सीजन और पोषण दिया जाएगा। यह प्रक्रिया ठीक वैसी ही होगी जैसी किसी इंसानी मां के गर्भ में होती है। डा. झांग के अनुसार, आर्टिफिशियल वूम्ब तकनीक पहले से विकसित हो चुकी है, अब इसे केवल रोबोट में लागू करना बाकी है।