भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विदिशा संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस में न तो दिशा है न ही दृष्टि है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी खुद ही भ्रमित है। चौहान ने आज यहां मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस एक ऐसा दल बन गया है, जिसके पास ना तो सेना बची है और ना ही सेनापति। उन्होंने कहा कि 2019 में गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने चुनाव लड़ा था और अमेठी से खुद गांधी चुनाव हार गए थे। अगर इतिहास देखें तो एक के बाद एक लगभग 51 चुनाव कांग्रेस ने हारे हैं। वर्ष 2014 के बाद कई उनके मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस छोड़ दी और कई जगह उन्हें चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। चुनाव लड़ने वालों का टोटा पड़ा हुआ है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस छोड़कर जाने वाले बड़े नेताओं की सूची भी जारी की है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की दशा इतनी खराब है कि उनकी सर्वोच्च नेता सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। राजनीति में उनकी बैक डोर एंट्री हुई है, राज्यसभा में जब कांग्रेस के सर्वोच्च नेता का ही आत्मविश्वास हिल गया हो तो उस पार्टी का क्या होगा इसकी कल्पना की जा सकती है। वहीं, श्री गांधी तो ऐसे कप्तान है जिनको यह तक पता नहीं है कि कब क्या करना चाहिए। जब उन्हें चुनाव की तैयारी करना चाहिए तो वह यात्रा करते हैं, जब यात्रा करनी चाहिए तो विदेश में छुट्टी मनाते हैं और चुनाव में हारने के बाद ईवीएम पर दोष मढ़ते हैं।