भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक रिटायर्ड IAS अधिकारी की हत्या से सनसनी फैल गई. रिटायर्ड आईएएस अफसर राकेश अग्रवाल की उनके घर पर गला रेतकर हत्या हुई है. वह अपनी पत्नी के साथ रहते थे. पुलिस की शुरुआती जांच में घर पर काम करने वाले नौकर पर हत्या का शक है. वारदात के बाद से नौकर लापता है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने घर को गैस सिलेंडर से उड़ाने की भी कोशिश की थी लेकिन वह असफल रहा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरज नगर की यह घटना है. रिटायर्ड IAS अफसर राकेश अग्रवाल ने दो दिन पहले ही घर पर नौकर रखा था. वारदात के बाद से वह गायब है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में किसी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है.
मैडम ने पत्नी को फोन कर बुलाया
राकेश अग्रवाल के कुक का परिवार साथ में ही रहता है. कुक ने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे मैडम ने उसकी पत्नी को फोन किया था और उसे बुलाया क्योंकि दरवाजा खुल नहीं रहा था. हम वहां गए. किसी तरह अंदर गए, तो गैस की बदबू आ रही थी. सिलेंडर से रेग्युलेटर निकला हुआ था. उसमें पिन लगाई हुई थी. ऐसा लग रहा था कि घर को उड़ाने की कोशिश की गई थी.
पंजाब का रहने वाला है नौकर!
कुक ने बताया कि जिस नौकर को दो दिन पहले रखा था, उसकी उम्र 30 से 35 साल के बीच होगी. वह खुद को पंजाब का रहने वाला बता रहा था. वह किसी अस्पताल से यहां नौकरी करने आया था. इससे पहले भी दो लोग आ चुके थे. दोनों कुछ ही दिनों में नौकरी छोड़ गए थे. फिलहाल पुलिस लापता नौकर के बारे में पता लगा रही है. मौके पर फोरेंसिक टीम पहुंच चुकी है.
