हरियाणवी गायिका सपना चौधरी के पति वीर साहू अब उससे न तो मिल सकेंगे और न उनसे संपर्क में आएंगे। द्वारका कोर्ट की मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट निधि सिंह की अदालत ने सपना की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया।

वीर साहू ने भी की रील पोस्ट

हरियाणवी डांसर और एक्ट्रेस सपना चौधरी से विवाद की खबरों और कोर्ट के आदेश के बाद पति वीर साहू ने बुधवार को रील पोस्ट की है। इसमें उनके सिर पर एक व्यक्ति पगड़ी बांध रहा है और वह मुस्कुरा रहे हैं। बैकग्राउंड म्यूजिक में नुसरत फतेह अली खां की गजल आंख उठी मोहब्बत ने अंगड़ाई ली चल रही है। सपना और वीर के रिश्तों में आई दरार के बाद सपना के सास-ससुर ने पूरे घटनाक्रम पर चुप्पी साधी है। उन्होंने पारिवारिक विवाद और कोर्ट केस के लिए मीडिया या जनता के सामने कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी।

नहीं हो सकेगा दोनों में संपर्क

गायिका सपना चौधरी के पति वीर साहू अब सपना से न तो मिल सकेंगे और न उनसे संपर्क कर सकेंगे। द्वारका कोर्ट की मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट निधि सिंह की अदालत ने सपना की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश जारी किया। सपना ने याचिका दायर कर अपनी फिल्म की रिलीज को देखते हुए व्यक्तिगत सुरक्षा और पेशेवर प्रतिबद्धताओं में किसी भी प्रकार की बाधा की आशंका जताई थी। इस पर कोर्ट ने घरेलू हिंसा से महिलाओं के संरक्षण अधिनियम के तहत दायर मामले में अंतरिम राहत देते हुए उनके पति पर प्रतिबंध लगाए।

ये भी लगाई गुहार

सपना चौधरी के वकील ने अदालत के समक्ष दलील दी कि यदि तुरंत राहत नहीं दी गई, तो उनकी मुवक्किल को कभी न ठीक होने वाला नुकसान हो सकता है। इससे उनकी गरिमा और सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ने के साथ-साथ उनके प्रोफेशनल कामों में भी बाधा आ सकती है, जिसमें आगामी फिल्म प्रीमियर में उनकी उपस्थिति भी शामिल है। याचिका, हलफनामे और अदालत में पेश किए गए सबूतों, जिनमें कथित चोटों की तस्वीरें और इलेक्ट्रॉनिक प्रमाण शामिल हैं, का गहनता से अवलोकन करने के बाद, अदालत ने प्रथम दृष्टया समन जारी करने और अंतरिम राहत प्रदान करने के लिए पर्याप्त आधार पाया।